मोरानहाट : अल्फा (स्वाधीन) ने मोरान के एक व्यवसायी को 70 लाख रुपए का डिमांड नोट उसके व्हाट्सएप पर भेजा है, लिहाजा इससे व्यवसायी वर्ग दहशत में है । इस संदर्भ में कुछ ही दिनों पहले  एक समाचार प्रकाशित हुआ था और आज  इसकी पुष्टि हो गई। डिब्रूगढ़ जिले के मोरान थानांतर्गत  मोरान  के नतून नगर स्थित पूर्वांचल हार्डवेयर के मालिक श्रवण अग्रवाल ने बताया कि गत 18 जुलाई को अनजान नंबर से उनके मोबाईल के व्हाट्सएप पर अल्फा स्वाधीन के लेटरपेड पर नयन असम के हस्ताक्षर के साथ 70 लाख रुपयों की मांग की गई थी।

व्यवसायी ने उसी दिन पुलिस से संपर्क साधा और मामले से अवगत करवाया, हालांकि थाने जाने के दौरान फोन कर उन्हें धमकियां भी दी गईं कि पुलिस के पास मत जाओ क्योंकि पुलिसवाले तुम्हारी हिफाजत कितने दिन करेंगे। बहरहाल  पुलिस ने मौके की नजाकत को समझते हुए व्यवसायी की सुरक्षा के इंतजाम किए हैं और मामले के जांच भी की जा रही है। श्रवण अग्रवाल ने बताया कि 2018 में भी उनसे आल्फा ने दस लाख रुपयों की मांग की थी, मगर उन्होंने उस समय भी पुलिस को मामले से अवगत करवाया था ।

उस समय दस लाख ना दिए जाने की वजह से इस बार सत्तर लाख रुपये की मांग की गई है और ना देने की स्थिति में धमकियां भी  दी जा रही है। बहरहाल व्यवसायी ने अच्छे नागरिक के साथ ही साहस का परिचय देते हुए पुलिस को मामले से अवगत करवाया और अब पुलिस की जिम्मेदारी है कि वह मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई करने के साथ ही व्यवसायी के जान-माल की हिफाजत करे । बताते चलें कि मोरान क्षेत्र में अन्य कुछ व्यवसायियों और ईटभ_ा मालिकों को भी इसी तरह का डिमांड मिलने की अपुष्ट जानकारी मिली है जिनका नाम पुलिस ने भी गुप्त रखा है और वे व्यवसायी भी सामने आने से कतरा रहे हैं।