गुवाहाटी : मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा 27-29 जुलाई तक तीन दिवसीय दौरे पर 27 जुलाई को बंगाईगांव के सृजनग्राम पहुंचेंगे। 27 जुलाई को मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा औपचारिक तौर पर आई नदी पर निॢमत बरघोला-काहिबारी संपर्क पुल का उद्घाटन करेंगे। प्रशासन सड़कों और पुलों के आसपास चमकाने के लिए दिन-रात काम कर रहा है।
गौरतलब है कि दिवंगत मुख्यमंत्री तरुण गोगोई ने 2011 में 41 करोड़ रुपए की लागत से निर्माण होने वाला इस पुल की आधारशिला रखी थी और यह लगभग तेरह वर्षों से अधूरा था। पुल पूरा नहीं होने के कारण क्षेत्र के लोगों को परेशानी उठानी पड़ी थी। हालांकि मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने पिछले साल दिसंबर में पुल के निर्माणस्थल का दौरा किया था और 29 करोड़ रुपए की लागत से पुल की पूर्व दिशा में कनेक्टिंग रोड के लिए मंजूरी देकर जल्द ही पुल का निर्माण पूरा करने का वादा किया था।
लंबे अंतराल के बाद 27 जुलाई को मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा द्वारा पुल को जनता के लिए खोल दिया जाएगा जिसके परिणामस्वरूप जिले के सैकड़ों हजारों लोगों की यातायात में सुविधा होगी। स्थानीय विधायक अब्दुल बातिन खांडकर ने इस पहल के लिए सीएम डॉ. शर्मा की तारीफ की। इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा लालमाटी मंदिर का उद्घाटन करेंगे।