गुवाहाटी : मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने आज गुरुवार को को बंगाईगांव जिले के लिए कुल 555 करोड़ रुपए की बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का या तो उद्घाटन या शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने बरघोला-कीर्तनपाड़ा सड़क पर आई नदी पर 69 करोड़ रुपए की लागत से बने पुल, 15.69 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित इकोपार्क और कनेक्टेड वेटलैंड विकास परियोजना, जिला पुस्तकालय के परिसर में क्रमशः 14 लाख रुपए और 8 लाख रुपए की लागत से निर्मित महावीर चिलाराय और महावीर लाचित बरफुकन की मूर्तियां, 17.94 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित एक कांफ्रेंस हॉल सह कन्वेंशन सेंटर सहित कुछ अन्य परियोजनाओं के उद्घाटन किए।
दूसरी ओर मुख्यमंत्री ने असम माला योजना के तहत 417 करोड़ रुपए की लागत से जोगीगोपा से शहीद वेदी रोड तक विकास और सुधार परियोजना, बर्षागांव में 11.99 करोड़ रुपएकी लागत से एक मिनी स्टेडियम, सृजनग्राम में 6.20 करोड़ रुपए की लागत से श्री रघुनाथ मंदिर का बुनियादी ढांचा विकास परियोजना सहित कुछ अन्य परियोजनाओं का शिलान्यास किया। बंगाईगांव खेल मैदान में एक सार्वजनिक रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने विश्वास जताया कि आज जिन कुल 13 परियोजनाओं का उद्घाटन या शिलान्यास किया गया। वे बंगाईगांव के निवासियों की आशाओं और आकांक्षाओं को पूरा करने में निर्णायक साबित होंगी। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए अथक प्रयास कर रही है कि असम सभी मोर्चों पर अग्रणी राज्यों में से एक बन जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी जिले राज्य की विकास कहानी का हिस्सा बनने में सक्षम हों, इसे ध्यान में रखते हुए राज्य भर में 15,000 करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाएं शुरू की गईं, जिनमें से लगभग 693 करोड़ रुपए बोंगाईगांव जिले के लिए निर्धारित किए गए थे।
डॉ. शर्मा ने कहा कि राज्य की संस्कृति और इतिहास में बंगाईगांव जिले का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि जिले ने राज्य के आध्यात्मिक वातावरण में भी बहुत योगदान दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज शुरू की गई सड़क विकास परियोजनाएं जिले को आर्थिक प्रगति के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए नई गति देने की क्षमता रखती हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बंगाईगांव कॉलेज का दर्जा बढ़ाकर विश्वविद्यालय बनाने के लिए कदम उठाए जाएंगे। समारोह में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री रंजीत कुमार दास, विधान सभा सदस्य फणीभूषण चौधरी, अजय कुमार राय, प्रदीप सरकार, अब्दुल बातिन खंडकार सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।