कोकराझाड़ : कोकराझाड़ के बोडोफा कल्चरल कांप्लेक्स में आज सोमवार को असम गण परिषद (अगप) का कोकराझाड़ लोकसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की एक दिवसीय सभा संपन्न हुई। आज की इस सभा की अगप के अध्यक्ष तथा मंत्री अतुल बोरा ने अध्यक्षता की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज कोकराझाड़ में भारी संख्या में उपस्थित होकर यह जता दिया कि लोग आज भी आंचलिकतावाद में विश्वास करते हैं और आने वाले पंचायत चुनाव और लोकसभा चुनाव में लोग आंचलिकतावाद पर भरोसा जताते हुए अगप के पक्ष में मतदान करेंगे।
साथ ही आने वाले लोकसभा चुनाव में अगप गठबंधन के प्रत्याशी भारी संख्या में जीतकर आएंगे। उन्होंने आगे कहा कि चुनाव क्षेत्र निर्धारण का काम चल रहा है। चुनाव क्षेत्र के निर्धारण प्रक्रिया खत्म होने के बाद हम यह फैसला लेंगे कि अगप किन-किन चुनाव क्षेत्र से चुनाव लड़ेगी और गठबंधन किस-किस सीट पर चुनाव लड़ेगा। भाजपा के साथ हमारा गठबंधन 2016 से चल रहा है आगे भी जारी रहेगा। इस अवसर पर मंत्री केशव महंत ने कहा कि कितनी लोकसभा सीट पर हम चुनाव लड़ेंगे, इसका फैसला बाद में होगा। मगर यह तंय है कि हमारे गठबंधन का प्रत्याशी हर सीट पर जाएगा।
कोकराझाड में अगप के उम्मीदवार उतारने की बात पूछे जाने पर महंत ने कहा गठबंधन के साथ चर्चा करने के बाद उम्मीदवारों का फैसला किया जाएगा। इस अवसर पर अगप केंद्रीय समिति के सभी नेता व जिला स्तर के सभी नेता भी उपस्थित थे। अगप के इस सभा में यूपीपीएल के नेताओं ने उपस्थित होकर अगप के सभी नेताओं को आरणाई पहनाकर स्वागत किया,जिसके लिए अतुल बोरा ने यूपीपीएल का धन्यवाद किया।