नई दिल्ली : ड्रग्स का कोई धर्म नहीं होता, कोई जाति नहीं होती, लेकिन यह समस्या भारतीय युवाओं को तेजी से अपनी गिरफ्त में ले रही है। समस्या काफी बड़ी है। भारत के खिलाफ जंग में ड्रग्स को हथियार के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा है। कई इंटेलिजेंस रिपोर्ट में इस साजिश का भंडा-फोड़ हुआ है। साजिश युवा पीढ़ी को बर्बाद करने की है। इसके लिए गली-मुहल्लों की दुकानों से लेकर स्कूल-कॉलेजों तक ड्रग्स की सप्लाई की जा रही है।
हाल में याबा ड्रग का चलन तेजी से बढ़ा है। वहीं त्रिपुरा पुलिस ने एक साल में 52 रोहिंग्याओं को गिरफ्तार किया है। त्रिपुरा पुलिस के डीआईजी कहा कि त्रिपुरा पुलिस रोहिंग्या घुसपैठ को लेकर सतर्क है। पिछले दिनों असम के मुख्यमंत्री हमंत विश्वशर्मा मामले में चिंता जाहिर की थी। उन्होंने कहा था कि इसमें ऐसे बहुत से दलाल है, जो रोहिंग्याओं को त्रिपुरा के रास्ते असम में ले आते है। देश में पासपोर्ट और वीजा के बिना घुसने वाला कोई भी हो, हमारे देश की सुरक्षा के लिए खतरा है। देश में बीते 6 साल में इस ड्रग की जब्ती 235 प्रतिशत बढ़ी है।
इसके पीछे कई किरदार हैं- म्यामां और बांग्लादेश के ड्रग्स तस्कर, पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई, आतंकवादी संगठन आईएम, चीन और रोहिंग्या। भारत में घुसपैठ करने वाले रोहिंग्या अपने साथ बड़े पैमाने पर याबा ड्रग लेकर आते हैं। इस ड्रग को बनाने के लिए कच्चे माल की सप्लाई चीन से होती है, म्यामां और बांग्लादेश के सीमाई इलाकों में ड्रग बनाई जाती है, फिर रोहिंग्या घुसपैठियों के साथ उसे भारत भेजा जाता है। ड्रग्स बेचना और उस पैसे से भारत विरोधी कार्यों में लिप्त रहना, नारकोटिक्स बेचने का पूरा चैनल तैयार करना- यह सब आईएसआई और आईएम करते हैं।
इनकी मदद से रोहिंग्या बड़े ड्रग स्मगलर बनते जा रहे हैं। भारत में इनकी घुसपैठ को विभिन्न जगहों पर डेमोग्राफी बदलने की साजिश के तौर पर भी देखा जा रहा है। जैसा कि विशेषज्ञ कहते हैं, रोहिंग्या की बढ़ती संख्या एक रेडिकल फोर्स तैयार कर रही है जो आने वाले समय में आतंकवाद का ब्रीडिंग ग्राउंड बन सकती है।