कोकराझाड़ : बीटीसी की राजधानी कोकराझाड़ के साई स्टेडियम में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने आज शनिवार को 132वें डुरंड कप फुटबॉल प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इस मौके पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बोडोलैंड टेरेटोरियल काउंसिल (बीटीसी) में शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित करने के लिए असम सरकार की तारीफ की जिसकी परिणति कोकराझाड़ शहर में इस साल एशिया के सबसे पुराने फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप के आयोजन के रूप में हुई है।
इस वर्ष के डूरंड कप के उद्घाटन पर आयोजित कार्यक्रम में राजनाथ सिंह ने उम्मीद जताई की कि टूर्नामेंट के दौरान खेले गए मैच क्षेत्र के युवाओं को खेल में आगे बढऩे और अपने राज्य और देश को गौरव दिलाने के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने कहा कि इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के आयोजन के लिए कोकराझाड़ और असम को मेरी बधाई। यह सभी के लिए गर्व का क्षण है। मुझे बीटीसी में ऐसा माहौल बनाने के लिए सरकार को बधाई देनी चाहिए कि ऐसे टूर्नामेंट यहां आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि फुटबॉल के प्रति जो जुनून पूर्वोत्तर में देखने को मिलता है, वैसा देश के केवल कुछ ही जगहों पर दिखता है। मैंने दूसरों से सुना था कि इस क्षेत्र में फुटबॉल के प्रति बहुत उत्साह है। अब मुझे यकीन है कि पूर्वोत्तर में दिल तक पहुंचने का रास्ता फुटबॉल से होकर जाता है। एक फुटबॉल खिलाड़ी और एक अच्छे नागरिक के बीच समनता दर्शाते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जिस तरह एक खिलाड़ी पेनाल्टी के प्रावधानों के साथ नियमों से बंधा होता है, उसी तरह एक अच्छे नागरिक को निर्धारित कानूनों का पालन करना होता है। उन्होंने राज्य के पहले मुख्यमंत्री गोपीनाथ बरदलै को भी उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी।