बीजिंग : चीन ताइवान पर हमले की तैयारी कर रहा है। चीनी सेना पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के सैनिक जंग के लिए ट्रेनिंग करते नजर आए हैं। इस दौरान उन्होंने देश के लिए शहीद होने की कसमें भी खाईं। दरअसल, पीएलए के 96 साल पूरे होने पर चीन ने स्टेट मीडिया सीसीटीवी पर एक डॉक्यूमेंट्री जारी की है। इसका नाम झू मेंग या चेसिंग ड्रीम्स है। इसमें चीनी सेना किसी भी पल जंग के लिए तैयार नजर आई। 8 एपिसोड की डॉक्यूमेंट्री में चीन के सबसे एडवांस्ड फाइटर जेट में से एक पर मौजूद पायलट जरूरत पड़ने पर सुसाइड अटैक की बात कह रहा है। साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के मुताबिक मिलिट्री कमेंटेटर सौंग झोंगपिंग का कहना है कि इस डॉक्यूमेंट्री का मकसद ताइवान की डिफेंस फोर्स के सामने पीएलए के आत्मविश्वास को दिखाना है।
साथ ही ये अमरीका के लिए भी एक चेतावनी है। डॉक्यूमेंट्री के एक एपिसोड में जे-20 फाइटर जेट का पायलट कहता है- मेरे साथी लड़ाके ही मेरी आखिरी मिसाइल होंगे। अगर जंग में हमारे सारे हथियार खत्म भी हो गए तो हम सब मिसाइल की तरह दुश्मन की तरफ आगे बढ़ेंगे। डॉक्यूमेंट्री में पीएलए के दर्जनों सैनिकों की कहानी, उनकी सर्विस और लोकेशन के बारे में बताया गया है। साथ ही इसमें ताइवान के आसपास मिलिट्री एक्सरसाइज को दिखाया गया है। डॉक्यूमेंट्री में इस बात पर जोर दिया है कि चीनी सैनिकों को पीएलए की शताब्दी से पहले इसके लक्ष्य को पूरा करना है।
डॉक्यूमेंट्री में मिलिट्री की ट्रेनिंग से जुड़े उस हिस्से को भी दिखाया गया जो आमतौर पर प्रतिबंधित रहता है। इसमें पीएलए के ऑपरेशन, उड़ान के दौरान टारगेट पर पकड़ बनाना, समुद्र में कंट्रोल और लैंडिंग से पहले दुश्मन के सूचना भेजने की तकनीक को विफल करने जैसे वीडियो शामिल थे। पीएलए के अटैक ग्रुप का मेंबर वांग शिंजी एक एपिसोड में समुद्र तट की तरफ ग्रुप हमले की तैयारी करता नजर आ रहा है। इस दौरान उसे बॉम्बर, जमीन और जहाज से लॉन्च होने वाली मिसाइल, रॉकेट और हेलिकॉप्टर से फायर कवर मिला हुआ था। वांग शिंजी कहता है- मैं ताइवान स्ट्रेट के दूसरी तरफ जाकर देखना चाहता हूं। मैं इसी दिन की तैयारी कर रहा था।