कराची : पाकिस्तान के सिंध प्रांत में रविवार को एक एक्सप्रेस ट्रेन के कई डिब्बे पटरी से उतर जाने से 30 लोगों की मौत हो गई और करीब 100 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। हजारा एक्सप्रेस कराची से रावलपिंडी जा रही थी। यह ट्रेन नवाबशाह जिले में सरहरी रेलवे स्टेशन के पास पटरी से उतर गई। सरहरी कराची से 275 की दूरी पर स्थित है। रेलवे और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने हादसे में 30 यात्रियों की मौत की पुष्टि की है। संघीय रेल मंत्री साद रफीक ने मीडिया को बताया कि हताहतों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि अस्पताल में भर्ती कराए गए, कुछ घायलों की हालत गंभीर है। उन्होंने कहा कि लगभग 10 डिब्बे पटरी से उतर गए और दुर्घटना के कारण की जांच की जा रही है। पाकिस्तान रेलवे के सुक्कुर मंडल वाणिज्यिक अधिकारी (डीसीओ) मोहसिन सियाल ने बताया कि मलबे से कई शव निकाल लिए गए हैं और पाकिस्तानी सेना बचाव कार्य में मदद कर रही है।
सियाल ने कहा कि महिलाओं सहित 30 लोगों की मौत हुई है और लगभग 100 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इससे पहले, पाकिस्तान रेलवे के उपाधीक्षक महमूद रहमान ने पुष्टि की थी कि क्षतिग्रस्त डिब्बों से कम से कम 15 शव बरामद किए गए हैं। टेलीविजन चैनल के फुटेज में सरहरी रेलवे स्टेशन के पास दुर्घटनास्थल पर ट्रेन के डिब्बे बुरी तरह क्षतिग्रस्त नजर आ रहे हैं। फुटेज में बचावकर्मी और पुलिसकर्मी पटरी से उतरे डिब्बों से लोगों को बाहर निकालते हुए दिखे। आम लोग भी बचाव कार्य में शामिल दिखे। रहमान ने कहा कि फिलहाल, ध्यान बचाव कार्य और पटरी से उतरे डिब्बों से लोगों को निकालने पर है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के कारण की जांच की जा रही है। सरकारी ‘रेडियो पाकिस्तान’ ने बताया कि पाकिस्तानी सेना और रेंजर्स ने दुर्घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है। सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर के विशेष निर्देश पर बचाव अभियान शुरू किया गया है।
बचाव अभियान में सहायता के लिए अतिरिक्त सैनिकों को बुलाया गया है। घायल लोगों को बचाने के लिए आर्मी एविएशन के हेलीकॉप्टर भी मौके पर पहुंच रहे हैं। कराची में पाकिस्तान रेलवे के एक प्रवक्का ने कहा कि कम से कम आठ डिब्बे पटरी से उतर गए और देरी से ब्रेक लगाने के कारण ज्यादा नुकसान हुआ। संघीय रेलवे और विमानन मंत्री ख्वाजा साद रफीक ने कहा कि ट्रेन में 1,000 से अधिक यात्री सवार थे। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि ट्रेन तय रफ्तार से जा रही थी। उन्होंने कहा कि सुक्कुर और नवाबशाह के अस्पतालों में आपात स्थिति लागू कर दी गई है। ‘डॉन’ अखबार ने मंत्री के हवाले से कहा कि या तो यांत्रिक खराबी हुई या कोई और गड़बड़ी हुई। विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी ने सिंध सरकार को ट्रेन दुर्घटना में घायल यात्रियों को तत्काल उपचार प्रदान करने का निर्देश दिया और पीपीपी कार्यकर्ताओं से राहत और बचाव गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया।