गुवाहाटी : मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने वृहस्पतिवार को लोकसभा में नरेंद्र मोदी सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर चल रही बहस को सुना। मुख्यमंत्री ने साथी मंत्रियों पीयूष हजारिका और जयंत मल्ल बरुवा के साथ सदन में दर्शक गैलरी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जवाबी भाषण सुना। मुख्यमंत्री करीब साढ़े तीन बजे लोकसभा पहुंचे और कई अन्य सत्तारूढ़ और विपक्षी सांसदों के भाषण सुने। गौरतलब है कि अविश्वास प्रस्ताव पर बहस  के आखिरी दिन प्रधानमंत्री का जवाबी भाषण सुनने के लिए मुख्यमंत्री बुधवार शाम दिल्ली पहुंचे थे और देश की राजधानी में ही साप्ताहिक कैबिनेट बैठक की।

कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने अपने कैबिनेट सहयोगियों के साथ लंबी राजनीतिक चर्चा भी की। मुख्यमंत्री वृहस्पतिवार रात नई दिल्ली में 9 तुगलक लेन स्थित अपने आधिकारिक आवास पर भाजपा सांसदों के साथ रात्रिभोज आयोजित करने वाले हैं। रात्रि भोज से पहले वह पार्टी सांसदों के साथ बैठक भी करेंगे। भ्रमण कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री शुक्रवार सुबह गुवाहाटी लौटेंगे।