गुवाहाटी : भारतीय रेलवे जल्द ही भारत-भूटान के बीच पहली अंतर्राष्ट्रीय ट्रेन सेवा शुरू करेगा। भारत सरकार ने पड़ोसी देश भूटान के साथ द्विपक्षीय संबंधों को बेहतर बनाने और दोनों देशों के पर्यटन क्षेत्र को नया आयाम देने के उद्देश्य से असम से भूटान तक एक नई रेलवे लाइन बनाने की योजना बनाई है। योजना के मुताबिक असम के कोकराझाड़ जिले से भूटान के गेलेंगफू होते हुए रेलवे लाइन का निर्माण किया जाएगा। इसी बीच नॉर्थ ईस्ट फ्रंटियर रेलवे के एक उच्च स्तरीय सूत्र ने वृहस्पतिवार को बताया कि रेलवे लाइन के निर्माण के लिए दो चरणों का सर्वेक्षण कार्य पहले ही पूरा हो चुका है। फाइनल सर्वे जल्द पूरा कर इसकी रिपोर्ट रेलवे बोर्ड को सौंपी जाएगी।
रेल मंत्रालय की हरी झंडी मिलते ही तय अवधि के अंदर रेलवे लाइन का निर्माण कर लिया जाएगा। मामले में चल रही प्रगति के बारे में बताते हुए भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने कहा कि भूटान पर्यटकों की आवाजाही के दौरान संख्या बढ़ाने के लिए बहुत उत्सुक है। विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने कहा कि हम भूटान और असम के बीच रेल लिंक पर बातचीत कर रहे हैं। भूटान पर्यटकों के लिए और अधिक प्वाइंट खोलने के लिए बहुत उत्सुक है और यह असम के लिए बहुत अच्छा है।