गुवाहाटी : भाजपा नेत्री इंद्राणी तहबिलदार की रहस्यमयी मौत के बाद भाजपा की नींव हिल रही है। इंद्राणी तहबिलदार की मौत के बाद अनुराग चलिहा समेत कुछ युवा भाजपा नेताओं के खिलाफ नौकरी, सिंडिकेट और ठेके के नाम पर लाखों रुपए वसूलने की बातें सामने आ रही है। इसलिए अब एक भाजपा नेता दूसरे नेता पर प्रहार करना शुरू कर दिया है। अनुराग चलिहा की गिरफ्तारी के बाद भाजपा के किसान मोर्चा की एक अन्य नेत्री और राज्य कार्यालय की संयुक्त सचिव तृष्णा शर्मा ने चांदमारी पुलिस स्टेशन में एक मामला दर्ज कराया है,जिसमें आरोप लगाया गया कि अनुराग चालिहा  ने शराब की दुकानें और नौकरी देने के नाम पर उनसे 40 लाख रुपए लिए थे।

तृष्णा शर्मा की शिकायत के बाद किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष देवजीत बोरा ने नोटिस जारी कर तृष्णा शर्मा को तत्काल निलंबित कर दिया। पार्टी ने  वृहस्पतिवार दोपहर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भवेश कलिता के निर्देश पर तृष्णा शर्मा को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी निष्कासित कर दिया गया। इस बीच इंद्राणी तहबिलदार, द्विबन डेका और ऋचा दास के वायरल ऑडियो में सिद्धार्थ भट्टाचार्य के सिर पर नारियल फोड़ने की बात कहने वाली ऋचा दास को भी भाजपा ने  उनके  दायित्व से मुक्त कर दिया है। 

उल्लेखनीय है कि पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, राष्ट्रीय प्रवक्ता, राष्ट्रीय कानूनी सेल के सह-समन्वयक और वर्तमान पूर्व गुवाहाटी के विधायक सिद्धार्थ भट्टाचार्य ने बुधवार को प्रदेश अध्यक्ष भवेश कलिता को पत्र लिखकर अपना गुस्सा व्यक्त किया और मीडिया में पार्टी के कुछ नेताओं की आलोचना की। सिद्धार्थ भट्टाचार्य के धमकाने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने आज प्रदेश अध्यक्ष भवेश कलिता को भाजपा में सफाई अभियान चलाने का सख्त निर्देश जारी किया। दूसरी ओर नवनियुक्त प्रदेश के संगठन महासचिव रवीन्द्र राजू ने भी वृहस्पतिवार को आयोजित प्रदेश मोर्चा प्रकोष्ठ की बैठक में इस संबंध में सख्त निर्देश दिए।