जयपुर : राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से समाज का हर वर्ग लाभान्वित हुआ है और 2030 तक राजस्थान को देश का अग्रणी राज्य बनाना हमारा ध्येय है। गहलोत यहां राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका परिषद (राजीविका) द्वारा आयोजित 'सखी सम्मेलन' को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने राजीविका कैडर से जुड़ी महिलाओं के लिए कई घोषणाएं की तथा कई विभिन्न योजनाओं की शुरुआत की। राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का जिक्र करते हुए गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं से हर वर्ग को लाभान्वित कर रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य में करीब एक करोड़ लोगों को न्यूनतम 1000 रुपये सामाजिक सुरक्षा पेंशन, नि:शुल्क अन्नपूर्णा फूड पैकेट, 500 रुपये में गैस सिलेण्डर जैसी योजनाओं से आमजन को राहत दी जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने महिलाओं के लिए उड़ान योजना के अंतर्गत नि:शुल्क सेनेटरी नैपकिन देने, रोडवेज बस किराये में 50 प्रतिशत छूट, इंदिरा गांधी स्मार्टफोन योजना के अंतर्गत इंटरनेट युक्त नि:शुल्क स्मार्टफोन देने तथा सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत आरक्षण जैसे निर्णय किए हैं। गहलोत ने कहा कि अनिवार्य प्राथमिकी नीति से महिलाओं के विरूद्ध होने वाले अत्याचारों में कमी आई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2030 तक राजस्थान को देश का अग्रणी राज्य बनाना हमारा ध्येय है।