गुवाहाटी : असम गण परिषद (अगप) की केंद्रीय महासभा ने आज पंजाबाड़ी स्थित श्रीमंत शंकरदेव अंतर्राष्ट्रीय प्रेक्षागृह में एक महत्वपूर्ण बैठक  हुई। इस बैठक की अध्यक्षता अगप अध्यक्ष और असम सरकार के कृृषि मंत्री अतुल बोरा ने की।  इस बैठक में  असम के  विभिन्न जिलों और विधानसभा क्षेत्रों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ सहयोगी संगठनों के 800 लोगो ने भाग लिया। आमसभा से पहले पार्टी की केंद्रीय समिति की बैठक हुई।  इस आम बैठक के बाद एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए अध्यक्ष अतुल बोरा ने कहा कि पार्टी ने राज्य में सभी जातीय समूहों और धर्मों को एकजुट करके क्षेत्रवाद की नींव को मजबूत किया। उन्होंने कहा कि असम गण परिषद  राज्य के विकास और प्रगति के लिए गठबंधन सरकार के माध्यम से असम के लोगों की सेवा करना जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि 11 विपक्षी दलों की संयुक्त राजनीति एक दिवास्वप्न और झूठा आश्वासन है ।

इसके साथ ही मंत्री बोरा ने  पार्टी सदस्यों से राज्य के हित में पार्टी के लिए और अधिक सक्रिय रूप से काम करने का आग्रह किया। बैठक में सभी लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर पार्टी संगठन को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।  उन्होंने लोकसभा में एजीपी का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारी करने का भी वादा किया। बैठक में असम गण परिषद के संविधान में संशोधन और कई अनुच्छेद जोडऩे को भी मंजूरी दी गई। संशोधित संविधान ने जमीनी स्तर पर विभिन्न पार्टी संगठनात्मक स्तरों को अधिक जनोन्मुखी और सदस्यों के प्रति अधिक जवाबदेह बनाने के लिए कई कदम उठाए। इसी प्रकार कई जातीय समूहों के साथ-साथ सामाजिक क्षेत्रों को कवर करते हुए सेल बनाने का निर्णय लिया गया।

बैठक में पार्टी की संगठनात्मक प्रणाली का और विस्तार करने और प्रगतिशील राष्ट्रवाद के उद्देश्य से एकता, शांति, प्रगति और क्षेत्रवाद के आदर्श वाक्य के साथ पार्टी को पुनर्गठित करने का निर्णय लिया गया। बैठक में निर्वाचन क्षेत्र के पुनर्निर्धारण को अंतिम रूप देने के बाद और पार्टी संविधान के अनुच्छेद 7 (बी) के तहत आगामी चुनावों के मद्देनजर पार्टी संगठनात्मक स्तर के पुनर्गठन के हित में मौजूदा केंद्रीय महासभा का कार्यकाल छह महीने तक बढ़ाने का निर्णय लिया गया। पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष और स्वास्थ्य मंत्री केशव महंत, वरिष्ठ नेता फणीभूषण चौधरी, महासचिव बीरेंद्र प्रसाद वैश्य, रमेंद्र नारायण कलिता, डॉ कमलाकांत कलिता, प्रदीप हजारिका, भूपेन रॉय, नुरुल हुसैन, मनोज सैकिया, प्रबीन हजारिका, सत्यब्रत कलिता, पोनाकन बरुवा आदि उपस्थित थे। आमसभा से पहले पार्टी की केंद्रीय कार्यकारी समिति की बैठक हुई।