शिलांग : असम और मेघालय की क्षेत्रीय समितियां दोनों प्रदेशों की सीमा पर विवादित लांगपीह की अपनी संयुक्त यात्रा से पहले 26 अगस्त को यहां बैठक करेंगी। मेघालय के समाज कल्याण मंत्री पॉल लिंगदोह ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। लिंगदोह ने बताया कि दोनों समितियां इस 26 अगस्त को यहां बैठक करेंगी, क्योंकि हम ग्राउंड जीरो पर जाने और क्षेत्र के लोगों से मिलने की तैयारी कर रहे हैं।

गुवाहाटी में पिछली बैठक में, दोनों राज्यों की क्षेत्रीय समितियां संयुक्त रूप से अंतर्राज्यीय सीमा को अंतिम रूप देने से पहले हितधारकों, स्थानीय प्रतिनिधियों और निवासियों से मिलने के लिए मेघालय के पश्चिम खासी हिल्स जिले में लांगपीह का दौरा करने पर सहमत हुई थीं। लिंगदोह मेघालय की तीन क्षेत्रीय समितियों में से एक के प्रमुख हैं। मेघालय और असम दोनों लांगपीह क्षेत्र पर अपना दावा करते हैं और 2010 में क्षेत्र में विवाद के दौरान चार लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

लिंगदोह के अनुसार, असम की क्षेत्रीय समिति ने भी इस प्रस्ताव के प्रति नए विचारों और सुझावों को सुनने और उसे स्वीकार करने की इच्छा जताई थी कि जिन गांवों को समस्या मुक्त के रूप में पहचाना जाता है, और जहां के निवासी मेघालय में रहने के इच्छुक हैं, उन्हें इसके साथ रहने की अनुमति दी जाएगी। दोनों पड़ोसी राज्यों ने मतभेद वाले छह क्षेत्रों में अंतर्राज्यीय विवादों को औपचारिक रूप से हल करने के लिए पिछले साल मार्च में दिल्ली में  एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए थे। मतभेद वाले छह क्षेत्रों में पश्चिम खासी हिल्स जिले में लांगपीह और पश्चिम जंतिया हिल्स का मुकरोह शामिल हैं, जहां पिछले साल हिंसा में छह लोगों की मौत हो गई थी।