गुवाहाटी : असम समेत देश के विभिन्न राज्यों में दूसरे दलों से भाजपा में शामिल हुए नेताओं को लेकर मचे घमासान से भाजपा आलाकमान चिंतित है। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को डर है कि 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले पार्टी के भीतर मची उथल-पुथल से पार्टी के नतीजों पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। पार्टी सूत्रों से मिली खबर के अनुसार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने हाल ही में असम सहित चार राज्यों के अध्यक्षों को पत्र भेजकर चेतावनी दी है। नड्डा ने कहा कि नए और पुराने के नाम पर कोई टकराव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

नड्डा ने प्रदेश अध्यक्ष को 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले राज्य स्तर पर पार्टी के मतभेदों को सुलझाने का निर्देश दिया है। असम समेत कर्नाटक, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल में पुराने और नए भाजपा नेताओं के बीच टकराव चल रहा है। इसलिए नड्डा ने पत्र लिखकर संबंधित चारों प्रदेश अध्यक्षों को चेतावनी दी  है। गौरतलब है कि असम में पूर्व सांसद और भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेन गोहाई सहित पार्टी के कई विधायकों ने  बगावत शुरू कर दी है जिसे लेकर पार्टी आलाकमान काफी चिंतित है। इसी तरह, कर्नाटक में कई पुराने भाजपा विधायकों के सीधे कांग्रेस में शामिल होने की धमकी देने के मामले को भी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने ठीक से नहीं लिया है।

मध्य प्रदेश में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस से आए नए भाजपा नेताओं के साथ पुराने भाजपा नेताओं का टकराव बढ़ रहा है। पश्चिम बंगाल में भी कुछ ऐसी ही स्थिति है। तृणमूल कांग्रेस से आकर भाजपा का दामन थामने वाले नए नेताओं के खिलाफ आवाज उठाकर कई पुराने भाजपा नेताओं ने पार्टी छोड़ दी है। इधर 2024 के लोकसभा चुनाव कुछ ही महीने दूर हैं, ऐसे में पुराने और नए भाजपा नेताओं के बीच संघर्ष ने पार्टी आलाकमान को सख्त रुख अपनाने के लिए मजबूर कर दिया है।

इसलिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने संबंधित प्रदेश अध्यक्ष को कड़ा संदेश भेजा है। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने निर्वाचन क्षेत्र के पुनर्निर्धारण के खिलाफ राज्य के पूर्व सांसद राजेन गोहाई के विद्रोह के मुद्दे को भी अच्छी तरह से नहीं लिया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के निर्देश पर राजेन गोहाई फिलहाल दिल्ली में ही हैं। उन्हें मुख्य रूप से अमित शाह के साथ बातचीत के लिए बुलाया गया था। सोमवार शाम को केंद्रीय गृह मंत्री उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में एक पार्टी कार्यक्रम में व्यस्त थे। इसलिए रात को अमित शाह से उनकी मुलाकात हो सकती है।