गुवाहाटी : मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने बुधवार की शाम पश्चिमी गुवाहाटी के आजरा स्थित राजधर बोरा हायर सेकेंडरी स्कूल में छात्रों के साथ चंद्रयान-3 की सॉफ्ट लैंडिंग का लाइव स्टीमिंग प्रसारण देखा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि आज देश के लिए एक दुर्लभ खुशी का दिन है। चंद्रयान-3 आज चंद्रमा पर सफलतापूर्वक उतर गया।

यह चंद्रमा के एक ऐसे कोने में उतरा जहां पहले कोई अंतरिक्ष  यान नहीं उतरा था। आज, हम सब भारतीय इस सफल मिशन के इस दुर्लभ क्षण के लिए भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) को बधाई देते हैं। मेरा मानना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अमृतकाल की इस सुबह में भारत की यह सफलता भारत को दुनिया के सबसे विकसित देशों में से एक में बदल देगी। चंद्रयान-3 की सफलता के बाद सीएम डॉ. शर्मा ने टिप्पणी की कि राज्य में चंद्रयान-3 पर तीन निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

गौरतलब है कि राज्य के 31,500 स्कूलों में चंद्रयान-3 की लैंडिंग का दृश्य दिखाया गया। करीब 14 लाख छात्र इस गौरव के क्षण के गवाह बने। चंद्रयान-3 की सॉफ्ट लैंडिंग के लाइव स्टीमिंग प्रसारण के दौरान मुख्यमंत्री के साथ शिक्षा मंत्री डॉ. रनोज पेगु, राजधर बोरा हायर सेकेंडरी स्कूल के प्रिंसिपल जयंत पाटगिरी, आजारा राजस्व मंडल के सर्कल अधिकारी गोकुल वैश्य और कई अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।