बेंगलुरुः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चंद्रयान-3 मिशन के तहत चांद के दक्षिणी ध्रुव पर सफलता पूर्वक लैंडर (विक्रम) को उतारने और वहां रोवर (प्रज्ञान) को तैनात करने का इतिहास रचने वाले भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के वैज्ञानिकों और अधिकारियों को बधाई देने के लिए 26 अगस्त को बेंगलुरु पहुंचेंगे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आर अशोक ने बृहस्पतिवार को कहा कि कर्नाटक भाजपा विशाल रोड शो आयोजित करके प्रधानमंत्री का भव्य स्वागत करने की योजना बना रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी 26 अगस्त को आ रहे हैं। हम बड़ी संख्या में उपस्थित होकर उनका स्वागत करेंगे और एचएएल हवाई अड्डा पर 6000 से अधिक लोग एकत्र होंगे। वह बेंगलुरु के लोगों को संबोधित भी कर सकते हैं।  अशोक ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री ने बेंगलुरु के लोगों को अवसर दिया है कि वे अपनी खुशियों को उनके साथ साझा करें। उन्होंने कहा कि हम बेंगलुरु के लोग मोदी का भव्य स्वागत करेंगे, क्योंकि इसरो का मतलब बेंगलरु है और बेंगलुरु का मतलब इसरो है। वह यहां इसरो के वैज्ञानिकों को बधाई देने के लिए आ रहे हैं।

हालांकि, प्रधानमंत्री की यात्रा का विवरण साझा नहीं किया गया है, लेकिन वैज्ञानिकों और अंतरिक्ष एजेंसी के अधिकारियों को बधाई देने के लिए उनके यहां इसरो परिसर में स्थित टेलीमेट्री, ट्रैकिंग और कमांड नेटवर्क (आईएसटीआरएसी) का दौरा करने की संभावना है।