गुवाहाटी : भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष तथा चार बार के सांसद राजेन गोहाईं ने पांच दिन इंतजार करने के बाद आखिरकार शुक्रवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री हिमंत विश्वशर्मा के खिलाफ खुले विद्रोह की घोषणा के बाद कैबिनेट मंत्री की मर्यादा वाले नागरिक आपूर्ति विभाग के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद गोहाईं को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नई दिल्ली बुलाया था।
राजेन गोहाईं रविवार दोपहर नई दिल्ली पहुंचे। अमित शाह सोमवार को गोहाईं से मिलने वाले थे, लेकिन इस बैठक के लिए गोहाईं को असम भवन में पांच दिनों तक इंतजार करना पड़ा। गोहाईं ने शुक्रवार को अमित शाह से मुलाकात के बाद संवाददाताओं से कहा कि आज सुबह अमित शाह के पास से अचानक बुलावा आया और मुझे दोपहर 12 बजे बुलाया। मैंने अमित शाह से उनके आवास पर मुलाकात की और उन्हें अपने विचार बताए। कुछ संगठनात्मक मुद्दों पर भी चर्चा हुई। हमने 15 मिनट से ज्यादा देर तक बात की।
गोहाईं ने कहा कि मैं इस बार चुनाव लड़ने की बात नहीं कर रहा हूं। मेरी चुनाव लड़ने की कोई इच्छा नहीं है। मैं अपने हित या चुनाव में टिकट मांगने की बात नहीं कर रहा हूं। मैं पार्टी के बारे में बात कर रहा हूं।