नगांव: केंद्रीय विद्यालय नगांव में मेजर ध्यानचंद की स्मृति में राष्ट्रीय खेल दिवस का आयोजन बहुत ही धूमधाम के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यालय के वरिष्ठ गणित शिक्षक बिजय कुमार भक्त एवं वाणिज्य शिक्षिका मोनीदीपा देब के द्वारा मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया गया।
तत्पश्चात विद्यालय के सामाजिक विज्ञान शिक्षक दुर्गा प्रसाद मिश्र ने मेजर ध्यानचंद के महान एवं जादुई व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तृत रूप से प्रकाश डालते हुए बताया कि मेजर ध्यानचंद ने हॉकी जगत में जिस ऊँचाई को छुआ उसे दुनिया के विरले खिलाड़ी ही हासिल कर पाए हैं । इस अवसर पर विद्यालय की छात्रा कुमारी भूमिका साहनी ने योग के प्रदर्शन से सभी का मन मोह लिया। इस दौरान क्षेत्रीय खेल प्रतियोगिताओं में विजेता विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं मेडल भी प्रदान किया गया। कार्यक्रम के अंत मे विद्यालय के खेल शिक्षक भाबी राम दैमारी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का सफल संचालन चिंतामणि सिंह ने किया। इस आयोजन में विद्यालय के सभी शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।