गुवाहाटी : सारदा चिटफंड घोटाले में निलंबित कांग्रेस नेत्री अंकिता दत्त एक बार फिर मुश्किल में फंस गई हैं। करीब 10 साल पुराना करोड़ों रुपए के सारदा घोटाला मामले में कांग्रेस के पूर्व मंत्री अंजन दत्त की बेटी अंकिता दत्त को कोलकाता की विशेष सीबीआई अदालत ने दूसरी बार तलब किया गया है। सारदा घोटाले के सिलसिले में सीबीआई ने अंकिता दत्त को एमएल01/2023 नंबर के मामले में बुधवार को सीबीआई के विशेष अदालत में पेश होने के लिए समन जारी किया है। सीबीआई अदालत ने सारदा घोटाला मामले में अंकिता दत्त के स्वामित्व वाली मेसर्स अनुभूति प्रिंटर्स एंड पब्लिकेशंस प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ अवैध वित्तीय लेनदेन रोकथाम अधिनियम की धारा 44/70 लगाई है। सीबीआई की विशेष अदालत के समन के बाद अंकिता दत्त कोलकाता के लिए रवाना हो गई हैं। गौरतलब है कि निलंबित युवा कांग्रेस नेत्री अंकिता दत्त वर्तमान में गुवाहाटी के लालमाटी स्थित मेसर्स अनुभूति प्रिंटर्स एंड पब्लिकेशंस प्राइवेट लिमिटेड की निदेशक हैं।
शिकायत के मुताबिक सारदा समूह द्वारा प्रकाशित विलुप्त बंगाली समाचार पत्र ‘सकालबेला’ और अंग्रेजी दैनिक समाचार पत्र ‘द सेवन सिस्टर पोस्ट’ अंकिता दत्त के पिता स्वर्गीय अंजन दत्त के स्वामित्व वाली मेसर्स अनुभूति प्रिंटर्स एंड पब्लिकेशंस प्राइवेट लिमिटेड के प्रेस में मुद्रित होते थे। उस समय प्रिंटिंग प्रेस के निदेशक अंजन दत्त का सारदा के मालिक सुदीप सेन के साथ पैसे का लेनदेन था। सीबीआई ने सारदा चिटफंड घोटाले में प्रिंटिंग प्रेस के मालिक और उस समय के प्रभावशाली कांग्रेस नेत अंजन दत्त से कई बार पूछताछ की थी। यहां तक कि सीबीआई ने अंजन दत्त के स्वामित्व वाले ‘आजिर दैनिक बातरि’ अखबार समूह के कर्मचारियों से भी पूछताछ की थी। गौरतलब है कि 2013 में जब सारदा घोटाला हुआ था तब अंकिता दत्त दिल्ली विश्वविद्यालय में पढ़ रही थीं। अपने पिता अंजन दत्त के निधन बाद वे मेसर्स अनुभूति प्रिंटर्स एंड पब्लिकेशन्स के निदेशक बनीं।
हालांकि, अंकिता दत्त को 3 सितंबर 2022 को सीबीआई से पहला समन मिला था जब उन्होंने असम प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष का पद संभाला और भाजपा सरकार के खिलाफ बात की थी। सीबीआई ने अंकिता दत्त से पिछले साल दिसंबर में कोलकाता में पूछताछ की थी। इस बार अंकिता दत्ता को सीबीआई की विशेष अदालत से समन मिला है। इसके अलावा प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भी सारदा चिटफंड घोटाले में अंकिता दत्त के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया है। ईडी ने सारदा चिटफंड घोटाले में दिवंगत कांग्रेस मंत्री अंजन दत्त और उनकी कंपनी मेसर्स अनुभूति प्रिंटर्स एंड पब्लिकेशंस प्राइवेट लिमिटेड पर आरोप लगाया है। ईडी ने अंजन दत्त और उनके प्रेस, पश्चिम बंगाल के पूर्व डीजीपी रजत कुमार मजूमदार और पूर्व विधायक देवेंद्र नाथ विश्वास के खिलाफ अवैध वित्तीय लेनदेन रोकथाम अधिनियम के तहत 21 अगस्त को कोलकाता की एक विशेष अदालत में आरोप पत्र दायर किया।