गुवाहाटीः मुख्यमंत्री डॉ.हिमंत विश्वशर्मा ने बुधवार को गुवाहाटी मे पूर्वोत्तर के सबसे लंबे नीलाचल फ्लाईओवर का उद्घाटन किया। कामख्या गेट से मालीगांव के बीच बना यह फ्लाईओवर करीब 2.6 किलोमीटर लंबा है। मुख्यमंत्री डॉ.शर्मा ने कहा कि आज हम नीलाचल फ्लाईओवर को आम लोगों को समर्पित कर रहें हैं। इसका निर्माण गुवाहाटी के सबसे व्यस्त सड़कों में से एक पर किया गया और समय पर निर्माण कार्य को पूरा करना लोक निर्माण विभाग के लिए चुनौती था। राज्य के लोक निर्माण विभाग ने इस पुल का निर्माण 420 करोड़ रुपए की लागत से किया है। उन्होंने कहा कि फ्लाईओवर 35 महीने के भीतर बनाया गया,जो अपने आप में असम के तेज विकास को दर्शाता है। मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि पांडु और मालीगांव क्षेत्र के व्यापार केंद्र, कामाख्या मंदिर, एनएफ रेलवे मुख्यालय और पांडुघाट आदि हमेशा भीड़-भाड़ दिखती है। उन्होंने कहा कि काफी भीड़ होने के कारण फ्लाईओवर के निर्माण में चुनौतियां थीं, लेकिन चुनौतियों का सामना करते हुए 35 महीने के भीतर फ्लाईओवर का निर्माण पूरा कर लिया गया।
मुख्यमंत्री ने नई योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि गुवाहाटी हवाई अड्डे से कामाख्या मंदिर तक एक फ्लाईओवर बनाने का सपना है और पांडु के अंतिम बिंदु से ब्रह्मपुत्र के बीचो बीच से कामाख्या मंदिर तक एक फ्लाईओवर निर्माण करने की योजना है। उन्होंने कहा कि गुवाहाटी हवाई अड्डे पर एक नए टर्मिनल का निर्माण कुछ ही दिनों में पूरा हो जाएगा। जब नए टर्मिनल का निर्माण होने के बाद धारापुर से छह लेन की नई सड़क बनेगी और धारापुर चरियाली में एक फ्लाईओवर का निर्माण करके गुवाहाटी के प्रवेश द्वार को सुंदर बनाया जाएगा। उन्होंने दिपर बिल और चांदमारी फ्लाईओवर पर एक रोटरी निर्माण की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि नए फ्लाईओवर निर्माण में एक भरलुमुख रेलवे क्रॉसिंग पर, राजीव भवन के सामने, डाउन टाउन अस्पताल के सामने, हरियाणा भवन से फटाशिल जाने की ओर, कालीचरण दास नर्सिंग होम से लाल गणेश क्रॉसिंग और गरभंगा रोड तक किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि रिजर्व बैंक से बामुनिमैदाम तक 6 किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि गुवाहाटी और उत्तरी गुवाहाटी को जोड़ने वाला पुल अगले साल पूजा से पहले लोगों को समर्पित कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा की महापंचमी तिथि के दिन जू रोड पर बन रहे श्रद्धांजलि फ्लाईओवर जनता को समर्पित कर दिया जाएगा।
गुवाहाटी के फैंची बाजार में निर्माणाधीन बॉटनिकल गार्डन और पुराने आयुक्त कार्यालय में निर्माणाधीन पार्क को भी दुर्गा पूजा से पहले जनता के लिए खोल दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो तकनीक कभी दिल्ली और मुंबई में दिखती थी वह अब गुवाहाटी में दिखेगी। ब्रह्मपुत्र पर बन रहे पुल मुंबई के समुद्र सेतु से भी अधिक खुबसूरत लगेगी। उन्होंने कई योजनाओं की घोषणा करते हुए कहा कि उनकी सरकार पूरे राज्य में जल्द ही एक हजार पुलों का निर्माण कार्य शुरू करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम गुवाहाटी दक्षिण पूर्व एशिया का द्वार बनाना चाहते हैं। इसके लिए सरकार प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। इस मौके पर समारोह में शहरी एवं आवास मंत्री अशोक सिंघल, सांसद क्वीन ओजा, विधायक अतुल बोरा, सिद्धार्थ भट्टाचार्य, रमेंद्र नारायण कलिता, मेयर मृगेन शरनिया और पुलिस निदेशक उपस्थित थे।