नई दिल्ली : आगामी 31 अगस्त से 1 सितंबर तक मुंबई में इंडिया गठबंधन की तीसरी और अहम बैठक होनी है। बताया जा रहा है कि इस बैठक में गठबंधन के लोगो और झंडे के अलावा सीटों पर भी सहमति बन सकती है। लेकिन, बैठक से पहले ही गठबंधन में आपसी रार सामने आने लगी है। बैठक अभी हुई ही नहीं, विपक्षी दल पांच खेमें बंटते दिख रहे हैं। मुंबई में होने वाली बैठक से पहले इंडिया में पीएम पद के लिए पांच चेहरे सामने आ गए हैं। सपा ने अखिलेश, कांग्रेस ने राहुल गांधी, जेडीयू ने नीतीश, शिवसेना ने उद्धव और आम आदमी पार्टी ने अरविंद केजरीवाल का नाम आगे बढ़ाया है। आगामी  लोकसभा चुनाव के लिए बीजेपी गठबंधन वाली एनडीए के सामने इस बार 26 विपक्षी दलों ने इंडिया नाम से अलांयस खड़ा किया है।

इंड़िया की अब तक दो बैठकें हो चुकी हैं। पहले पटना और फिर बेंगलुरु में। सभी विपक्षी दल यह दिखाने की कोशिश कर रहे हैं कि इस बार बीजेपी को चुनाव में तगड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है। लेकिन, तमाम दावों के बीच इंडिया अलायंस पांच खेमे में बंटता दिख रहा है। पांच दलों के नेताओं ने अपनी-अपनी पार्टी के चेहरों को पीएम पद के लिए सटीक और सही उम्मीदवार बताया है। समाजवादी पार्टी की नेता जूही सिंह ने अखिलेश यादव को पीएम का दावेदार बता दिया है। इसके अलावा प्रियंका चतुर्वेदी ने उद्धव ठाकरे की पैरोकारी की है।

आप ने अरविंद केजरीवाल का नाम आगे किया है तो कांग्रेस पार्टी पहले ही राहुल गांधी को पीएम पद के लिए सही चेहरा बता चुकी है। राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत का कहना है कि कांग्रेस की नजर में राहुल गांधी से बेहतर और कोई पीएम कैंडिडेट नहीं हो सकता। इस बीच जेडीयू का मानना है कि नीतीश कुमार नरेंद्र मोदी के खिलाफ सही कैंडिडेट हो सकते हैं। कुल मिलाकर इस तरह अब तक 5 पीएम दावेदार सामने आ चुके हैं।