गुवाहाटी : असम के आबकारी मंत्री परिमल शुक्लबैद्य ने बुधवार को विधानसभा में कहा कि राज्य में प्रतिदिन 5.30 लाख बल्क लीटर (बीएल) से अधिक शराब की बिक्री होती है, जिससे राज्य को रोजाना 10 करोड़ रुपए का आबकारी राजस्व मिलता है। ‘बल्क’ लीटर किसी द्रव का वास्तविक आयतन (परिमाण) होता है, जबकि मानक तापमान एवं घनत्व पर द्रव का आयतन मानक लीटर कहलाता है। कांग्रेस की विधायक शिवमोनी बोरा के प्रश्न के उत्तर में शुक्लबैद्य ने कहा कि विदेशी शराब (आईएमएफएल) की औसत रोजाना बिक्री 3,06,772.577 बीएल है।
आबकारी मंत्री के अनुसार बीयर के मामले में यह प्रतिदिन 1,66,589.883 बीएल है, जबकि देशी शराब की खपत 57,818.365 बीएल है। उन्होंने कहा कि पिछले वित्त वर्ष के आंकड़ों के हिसाब से आबकारी से रोजाना औसत राजस्व 10.85 करोड़ रुपये है। मंत्री ने कहा कि अबतक शराब की 1684 दुकानों और 896 बार को लाइसेंस दिया गया है।
उन्होंने कहा कि नए लाइसेंस शहरी क्षेत्रों में जरूरत के हिसाब से दिए गए हैं, जबकि सीमा पर शराब की तस्करी रोकने के लिए अंतर्राज्यीय सीमा पर उपाए किए गए हैं। कांग्रेस के जाकिर हुसैन सिकदर के प्रश्न के उत्तर में शुक्लबैद्य ने कहा कि राज्य ने इस वित्त वर्ष में अगस्त तक 1,718.75 करोड़ रुपए का आबकारी राजस्व अर्जित किया है।