श्रीनगर : जम्मू कश्मीर के अनंतनाग जिले के कोकेरनाग के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में सेना के एक कमांडिंग ऑफिसर, एक मेजर और जम्मू कश्मीर पुलिस के एक उपाधीक्षक शहीद हो गए। अधिकारियों ने बुधवार को यहां यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि बुधवार सुबह अनंतनाग जिले के गारोल इलाके में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में 19 राष्ट्रीय राइफल्स के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल मनप्रीत सिंह, मेजर आशीष धोनैक और पुलिस उपाधीक्षक हुमायूं भट गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने बताया कि इलाज के दौरान इन अधिकारियों की मृत्यु हो गई। उन्होंने बताया कि दो महीने की बेटी के पिता एवं जम्मू कश्मीर पुलिस के सेवानिवृत्त महानिरीक्षक गुलाम हसन भट के बेटे भट की काफी रक्तस्राव होने के कारण मृत्यु हो गई।
प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े रेजिस्टेंस फ्रंट ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। अधिकारियों का मानना है कि ये वही आतंकवादियों का समूह है, जिसने चार अगस्त को कुलगाम जिले के हलाण वनक्षेत्र के ऊंचाई वाले इलाके में सेना के जवानों पर हमला किया था, जिसमें तीन जवान शहीद हो गए थे। अधिकारियों ने बताया कि गारोल इलाके में आतंकियों के खिलाफ अभियान मंगलवार शाम को शुरू हुआ था, लेकिन रात में इसे रोक दिया गया था।
अधिकारियों ने बताया कि आज सुबह आतंकवादियों की तलाश फिर शुरू की गई जब सूचना मिली कि उन्हें एक ठिकाने पर देखा गया है। सेना के कर्नल सिंह अपने दल का नेतृत्व कर थे, जिन्होंने आतंकियों पर हमला बोल दिया। हालांकि, आतंकवादियों ने उन पर गोलीबारी की, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए।