नई दिल्ली : अपनी जी20 सफलता से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक नेताओं की लेटेस्ट अप्रूवल रेटिंग लिस्ट में टॉप पर अपना स्थान बरकरार रखा है। मॉर्निंग कंसल्ट की तरफ से जारी ग्लोबल लीडर अप्रूवल रेटिंग ट्रैकर रिपोर्ट के मुताबिक, पीएम मोदी को 76 प्रतिशत भारतीयों का समर्थन प्राप्त है, जबकि सिर्फ 18 प्रतिशत भारतीय उनके विरोध में हैं। उनके बाद स्विस राष्ट्रपति एलेन बर्सेट 64 प्रतिशत अप्रूवल रेटिंग के साथ दूसरे स्थान पर और मैक्सिकन राष्ट्रपति एंड्रेस मैनुअल लोपेज ओब्रेडोर तीसरे स्थान पर हैं। जून में जारी अंतिम अप्रूवल रेटिंग के अनुसार, अमरीकी राष्ट्रपति जो बाइडेन की ताजा रैंकिंग में कोई बदलाव नहीं हुआ है और उन्होंने 40 प्रतिशत अप्रूवल रेटिंग के साथ सातवां स्थान बरकरार रखा, जबकि ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋ षि सुनक 27 प्रतिशत रेटिंग के साथ 12वें स्थान से गिरकर 15वें स्थान पर आ गए हैं।
हालांकि, 76 प्रतिशत के साथ प्रधानमंत्री मोदी की लेटेस्ट अप्रूवल रेटिंग में दो प्रतिशत अंक की गिरावट आई है। डिसिजन इंटेलीजेंस कंपनी मॉर्निंग कंसल्ट द्वारा 14 सितंबर को ‘ग्लोबल लीडर अप्रूवल रेटिंग ट्रैकर’ जारी किया गया है। कंपनी ने फरवरी में भी पीएम मोदी को 78 प्रतिशत स्कोर के साथ अपनी अप्रूवल रेटिंग में शीर्ष पर रखा था। तब से, उनके अप्रूवल रेटिंग में दो प्रतिशत अंक की गिरावट आई है। मॉर्निंग कंसल्ट के अनुसार, लेटेस्ट अप्रूवल रेटिंग 6 से 12 सितंबर तक एकत्र किए गए आंकड़ों पर आधारित हैं। इसमें कहा गया है कि रेटिंग अलग-अलग सैम्पल साइज के साथ प्रत्येक देश में वयस्क निवासियों के सात-दिवसीय औसत पर आधारित है।
सूची के अनुसार, ऑस्ट्रेलिया के एंथोनी अल्बानीज 48 प्रतिशत की अप्रूवल रेटिंग के साथ पांचवें स्थान पर, जबकि इतालवी पीएम जियोर्जिया मेलोनी 42 प्रतिशत के स्कोर के साथ छठे स्थान पर रहे। मॉर्निंग कंसल्ट ने दुनियाभर के कुल 22 देशों की सरकार के प्रमुखों की लोकप्रियता का आकलन किया है। इसमें दूसरे भारत के अलावा अमरीका, इंग्लैंड, कनाडा, जर्मनी, इटली, फ्रांस, ऑस्ट्रेलिया जैसे प्रमुख देशों के नेता शामिल हैं।