रायपुर : मध्य प्रदेश और राजस्थान समेत 5 राज्यों में विधानसभा चुनाव से पहले सनातन और हिंदुत्व को लेकर राजनीति तेज हो गई है। इस बीच छत्तीसगढ़ के सूरजपुर पहुंचे असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्वशर्मा ने सीएम भूपेश बघेल और एमपी के पूर्व सीएम कमलनाथ को एक चुनौती दी है। शर्मा ने उन्हें कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और सोनिया गांधी को अयोध्या में राम मंदिर ले जाने को कहा है। हिमंत ने सूरजपुर में आयोजित रैली में कहा कि मध्य प्रदेश में कमलनाथ और छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल कहते हैं कि हम भी हिंदू हैं। मैं उन्हें चुनौती देता हूं कि अगर वे हिंदू हैं तो एक बार के लिए अयोध्या के राम मंदिर में सोनिया गांधी और राहुल गांधी को लेकर जाएं। शर्मा ने कहा कि कल मैंने कमलनाथ से कहा कि आप हिंदू हैं यह बोलकर फायदा नहीं है। आप राहुल गांधी और सोनिया गांधी को एक बार अयोध्या में रामलला का दर्शन करने के लिए ले जाइए। अगर वो लोग रामलला के पास जाते हैं तो मैं मान लूंगा कि आप लोग हिंदू हैं। लेकिन वो जाएंगे नहीं। वो जमीन बाबर को देकर रखे थे। एक मोदी जी का इंतजार था। बाबर को हमने लात मारकर हटा दिया और राममंदिर बनाने का काम शुरू हुआ। वह जमीन राम की ही थी, कभी बाबर की नहीं थी। बाबर आक्रांता था। आज राम मंदिर बनने का काम एक साल से चल रहा है, आपने कभी सुना है कि राहुल गांधी ने रामलला का दर्शन किया है। कभी नहीं, वह नहीं जाएंगे।
दूसरे मंदिर में जाएंगे, लेकिन रामलला के पास नहीं जाएंगे, क्योंकि ऐसा करने से बाबर के लोग नाराज हो जाएंगे। सनातन धर्म को लेकर कुछ नेताओं की ओर से दिए गए विवादित बयानों को लेकर कांग्रेस पार्टी पर शर्मा ने जमकर हमले किए। उन्होंने कहा कि अभी राहुल गांधी ने एक इंडिया गठबंधन शुरू किया। जब से यह गठबंधन आया पूरे देश में हिंदू विरोधी महौल बनाने की साजिश की जा रही है। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री का बेटा कहता है कि हिंदू धर्म डेंगू और मलेरिया जैसा होता है। दूसरे दिन उनके एक और मंत्री का बयान आता है कि हिंदू डेंगू-मलेरिया नहीं एड्स है। हमने कांग्रेस पार्टी से पूछा कि यह क्या राजनीति है, आप क्यों ऐसा कर रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे का बेटा कहता है कि हिंदू धर्म दुनिया से खत्म हो जाना चाहिए। क्या आप हिंदू को खत्म करेंगे, क्या हिंदू धर्म आपके बाप ने बनाया था। हिंदू धर्म 5 हजार साल से भारत में है और जब तक चांद-सूरज रहेगा तब तक हिंदू रहेगा।
परिवर्तन यात्रा के दौरान राज्य के भटगांव विधानसभा क्षेत्र में एक रैली को संबोधित करते हुए शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ में सनातन संस्कृति के खिलाफ साजिश रची जा रही है। जब से भूपेश बघेल मुख्यमंत्री बने हैं, राज्य में रोहिंग्या की आमद एक बड़ा मुद्दा बन गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने (सत्ता में रहने के दौरान) बांग्लादेशियों को अवैध रूप से असम में प्रवेश करने की अनुमति दी। उन्होंने दावा किया कि लाखों बांग्लादेशी असम में रह रहे हैं। हम चाहते हैं कि आप कहें कि आप हिंदू हैं और हिंदू के प्रति समर्पित हैं। बच्चों को पढ़ाई के लिए मदरसों में भेजने का विरोध करते हुए शर्मा ने कहा कि उन्होंने असम में मदरसे बंद किए हैं... अब हमारी मुस्लिम बेटी हमारे स्कूलों में जाती है। इस बार असम में बड़ी संख्या में मुस्लिम बेटियों ने मेडिकल परीक्षा पास की है। हम हिंदू-मुसलमान नहीं देखते, बल्कि हम अपनी बेटियों का विकास और शिक्षा देखते हैं।