गुवाहाटी : मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा देश के विभिन्न राज्यों में पार्टी उम्मीदवारों के लिए मैराथन चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं। मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा बृहस्पतिवार को राजस्थान में व्यस्त रहे। मुख्यमंत्री ने राजस्थान के कोटा शहर में भाजपा उम्मीदवार के लिए प्रचार किया। इसके लिए मुख्यमंत्री कई चुनावी रैलियों में शामिल हुए। सीएम ने कांग्रेस शासित राज्य में चुनाव प्रचार करते हुए कांग्रेस पार्टी और सरकार की जमकर आलोचना करते हुए कहा कि देश में पेट्रोल की सबसे ज्यादा कीमत राजस्थान में है। कांग्रेस ने सचिन पायलट से बात करने के बजाए अपने विधायकों को 30 दिनों तक एक पांच सितारा होटल में रखा।
कांग्रेस हर हाल में सत्ता हासिल करने के लिए भ्रष्टाचार का सहारा लेती हैं। सीएम डॉ. शर्मा ने कहा कि कांग्रेसियों ने मुझसे पूछा था कि क्या मैंने गांधी परिवार को धोखा दिया। ये गांधी परिवार कौन है? मेरे लिए भारत सर्वोपरि है। कांग्रेस के लिए गांधी परिवार देश से बड़ा है। भाजपा के लिए पार्टी से बड़ा देश है। मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने कोटा शहर में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला से उनके निवास पर शिष्टाचार भेंट की।
मुख्यमंत्री रात में राजस्थान के जोधपुर में एक रोड शो में शामिल हुए और इससे पहले कोटा में एक संवाददाता सम्मेलन में भी शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने बुधवार को राजस्थान के लूनी और बिलाड़ा विधानसभा क्षेत्रों में कई सार्वजनिक रैलियों में भी भाग लिया और पार्टी के लिए प्रचार किया। इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने 19 दिसंबर को कांग्रेस शासित छत्तीसगढ़ और भाजपा शासित मध्य प्रदेश में भी मैराथन चुनाव प्रचार किया था।