नई दिल्ली : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बंगले के रेनोवेशन मामले में सीबीआई ने केस दर्ज कर लिया है। बीजेपी नेता कपिल मिश्रा ने ट्वीट कर यह जानकारी दी है। बता दें कि कुछ महीने पहले ही अरविंद केजरीवाल के बंगले को लेकर काफी विवाद शुरू हुआ था। सीबीआई अब इस मामले की जांच करेगी। आम आदमी पार्टी के फाउंडर अरविंद केजरीवाल पर दिल्ली बीजेपी ने घर के डेकोरेशन पर 45 करोड़ रुपए खर्च करने का आरोप लगाया था।

गौरतलब है कुछ महीने पहले ही एक निजी चैनल के स्टिंग ऑपरेशन में केजरीवाल के बंगले के अंदर का फोटो सामने बाहर आ गया था। इसमें बताया गया था कि यह रेनेवोशन उस समय हो रहा था जब दिल्ली कोरोना की भीषण महामारी से जूझ रही थी।

मीडिया रिपोर्ट की मानें तो केजरीवाल के इस बंगले के रेनोवेशन में सीएम आवास में एक पर्दे की कीमत 8 लाख रुपए बताई गई थी। इस तरह कुल 23 पर्दों का ऑर्डर दिया गया था। इसी तरह मार्बल जो लगाया गया, वह विदेश से इंपोर्ट किया गया था।

दिल्ली बीजेपी के उपाध्यक्ष कपिल मिश्रा ने कहा है कि अब अरविंद केजरीवाल बच नहीं सकते। उनके अवैध बंगले के मामलें में सीबीआई ने केस दर्ज कर लिया है। कोरोना के काल में दिल्ली की जनता के पैसों से गैर कानूनी शीशमहल बनाने का पाप केजरीवाल ने किया है। इस अपराध की सजा से केजरीवाल बच नहीं सकते।