गुवाहाटी : प्रकृति के सामान्य नियमानुुसार अगले हफ्ते के अंदर मौसमी असम समेत पूर्वोत्तर राज्यों से विदा लेगी, लेकिन विदाई के वक्त रुद्र रूप धारण करते मौसम के कारण पिछले 48 घंटों में हिमालय की तलहटी वाले राज्य सिक्किम में भयानक प्राकृतिक आपदाए आ रही हैं। इस बीच, बंगाल की खाड़ी में कई प्राकृतिक  घटनाओं के कारण पिछले तीन दिनों से सिक्किम, असम, उत्तरी बंगाल और अन्य राज्यों सहित कई पूर्वोत्तर राज्यों में मध्यम से भारी बारिश हो रही है। गुवाहाटी के बोरझार स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार अगले 48 घंटों तक मौसम अपरिवर्तित रहेगा। बृहस्पतिवार शाम तक असम के ज्यादातर हिस्सों में कमोबेश बारिश हो रही है।

आमतौर पर 6.5 सेमी या 65 मिमी से अधिक वर्षा को भारी वर्षा के रूप में परिभाषित किया जाता है। इस दृष्टि से असम में सबसे अधिक वर्षा गुवाहाटी शहर में हुई। गुवाहाटी के चांदमारी में वर्षा 8 सेंटीमीटर थी। इसके अलावा अधिकांश स्थानों पर 7 सेंटीमीटर वर्षा हुई। इस वजह से पिछले 24 घंटों में गुवाहाटी शहर में कई इलाकों में कृृत्रिम बाढ़ आ गई है और कुछ जगहों पर भूस्खलन भी हुआ है। इस दौरान बारिश समेत बादल छाए रहने से तापमान में गिरावट आई है। तीन-चार दिन पहले तक असम के ज्यादातर हिस्सों में तापमान सामान्य से 5-7 डिग्री सेल्सियस ऊपर था और लोगों को आश्विन महीने के आधा बीतने के बाद भी जेठ या आषाढ़ महीने जैसी गर्मी से जूझना पड़ रहा था। लेकिन पिछले 24 घंटों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। इससे लोगों को भीषण गर्मी से काफी राहत मिली है, यहां तक कि कुछ स्थानों पर रात में ठंड भी महसूस की जा रही है।