गुवाहाटी : मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने शुक्रवार को कहा कि खेल महारण के लिए अब तक 6 लाख से अधिक खिलाडिय़ों ने पंजीकरण कराया है। मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने बताया कि खेल महारण की प्रतियोगिताएं एक नवंबर से 10 जनवरी तक पांच स्पर्धाओं एथलेटिक्स, फुटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी और खो-खो में आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रम के लिए जर्सी, लोगो और थीम गीत का अनावरण करते हुए सीएम डॉ. शर्मा ने कहा कि खेल महारण जन भागीदारी के चार समान कार्यक्रमों का एक हिस्सा है। अन्य तीन कार्यक्रम हैं अमृत वृक्ष आंदोलन, एक मेगा वृक्षारोपण अभियान जो पहले ही संपन्न हो चुका है, चल रही अमृत कलश यात्रा और जल्द ही सांस्कृतिक क्षेत्र में लांच होने वाला सांस्कृतिक महासंग्राम है। डॉ. शर्मा ने कहा कि खेल महारण गांव स्तर से राज्य स्तर तक होगा।
जिला आयुक्तों ने विशेषज्ञों और हितधारकों के परामर्श से इसके आयोजन पर काम शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि शुरुआत में टीमें ग्रामीण स्तर पर बनाई जाएंगी, जिसमें सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी गांव पंचायत/वार्ड स्तर की टीमों में जाएंगे। राज्य स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए जिला स्तर की टीमों में जाने से पहले सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र स्तर की टीमों में शामिल होंगे। सीएम डॉ. शर्मा ने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं पांच से छह स्थानों पर आयोजित की जाएंगी और मैच पुरुषों और महिलाओं दोनों के लिए दो श्रेणियों अंडर-19 और ऊपर-19 में होंगे। उन्होंने कहा कि छह लाख से अधिक खिलाड़ी पहले ही विभिन्न विषयों के लिए पंजीकरण करा चुके हैं और सरकार को यह आंकड़ा 12-13 लाख तक पहुंचने की उम्मीद है। उन्होंने यह भी कहा, यह प्रतिभा की पहचान के लिए बड़ा मंच होगा।
यह हमें अपने युवाओं को सकारात्मक और रचनात्मक तरीके से शामिल करने में भी सक्षम बनाएगा। 2021 में सीएम के रूप में कार्यभार संभालने के तुरंत बाद शुरू किए गए ड्रग्स पर लड़ाई को याद करते हुए डॉ. शर्मा ने कहा, ड्रग्स पर हमारी पहली लड़ाई पुलिस कार्रवाई के माध्यम से था। अब हम युवाओं को खेल महारण जैसे सकारात्मक गतिविधियों में शामिल करना चाहते हैं और उन्हें बुरी आदतों से दूर रखना चाहते हैं। डॉ. शर्मा ने कहा कि सभी 35 जिलों के लिए अनुकूलित जर्सियां डिजाइन की गई हैं, जिनका उपयोग भविष्य के सभी आयोजनों में भी जिलों द्वारा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि खेल महारण के सभी स्तरों पर विजेताओं का सम्मान किया जाएगा। राज्य सरकार ने पूरे आयोजन के लिए 62 करोड़ रुपए निर्धारित किए हैं।