नई दिल्ली : इनफोर्समेंट डायरेक्टोरेट (ईडी) ने मंगलवार को चीनी कंपनी वीवो मोबाइल के तीन और लावा के एक अधिकारी को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी मनी लॉन्ड्रिंग केस में हुई है। अरेस्ट किए गए अधिकारियों में चीनी नागरिक गुआंगवेन क्यांग, लावा इंटरनेशनल के एमडी हरिओम राय के अलावा चार्टर्ड अकाउंटेंट राजन मलिक और नितिन गर्ग शामिल हैं।
करीब एक साल पहले ईडी ने देशभर में वीवो मोबाइल्स और उसकी 23 एसोसिएट कंपनीज की 48 लोकेशंस पर तलाशी ली थी, जिसके बाद गिरफ्तारी की यह कार्रवाई की गई है। ईडी का आरोप है कि चीन को अवैध रूप से फंड ट्रांसफर करने के शुरुआती मकसद से भारत में कई कंपनियों को इनकॉर्पोरेट किया गया था।
इसके अलावा, जांच से पता चला है कि वीवो मोबाइल्स इंडिया ने अपनी सेल्स से हुई आय का लगभग आधा हिस्सा (करीब 1.25 लाख करोड़ रुपए) चीन को ट्रांसफर किया। ऐसा टैक्स बचाने के लिए किया गया। दिल्ली पुलिस ने धारा 417, 120बी और 420 के तहत कालकाजी पुलिस स्टेशन में वीवो की एसोसिएट कंपनी ग्रैंड प्रॉस्पेक्ट इंटरनेशनल कम्युनिकेशन प्राइवेट लिमिटेड , उसके डायरेक्टर, शेयरहोल्डर्स और सर्टिफाइंग प्रोफेशनल्स के खिलाफ केस दर्ज किया था।