गुवाहाटी : प्रकृति के नियमानुसार दक्षिण-पश्चिमी मानसूनी हवाएं बीते 17 अक्तूबर को राज्य से विदा ले चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद बोरझार स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने सूचना दी है कि असम समेत पूर्वोत्तर के कई राज्यों में अगले 24 घंटों में कई स्थानों पर फिर से बिजली और गड़गड़ाहट के साथ बारिश की संभावना है। विशेष रूप से कई प्राकृतिक घटनाओं के कारण बंगाल की खाड़ी में 22 अक्तूबर उत्पन्न समुद्री चक्रवात हामून के प्रभाव में बंगाल की खाड़ी पहले से ही अशांत हो चुका है। इस चक्रवात के प्रभाव से उड़ीसा तट के पैराडाइज से पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के ऊपर 65 से 75 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान चल रही है। मंगलवार सुबह असम समेत पूर्वोत्तर के कई राज्यों में आसमान में बादल छाए रहे और कुछ जगहों पर हल्की बारिश भी हो रही है।
हालांकि, हामुन के प्रभाव में पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश में कुछ हिस्सों में गड़गड़ाहट और बिजली के साथ बारिश हो रही है, लेकिन असम में इसका खास प्रभाव नहीं होगा। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार अगले 24 घंटों तक मौसम अपरिवर्तित रहेगा। कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा की उम्मीद है लेकिन ऐसे विनाशकारी तूफान की संभावना नहीं है। मंगलवार शाम तक गुवाहाटी सहित राज्य के कई हिस्सों में हल्की मात्रा में बारिश हो रही है। इस दौरान बारिश सहित बादल छाए रहने से तापमान में गिरावट आई है और लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली है।
कुछ स्थानों पर रात में भी ठंड महसूस की जा रही है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मंगलवार को राज्य के प्रमुख शहरों में अधिकतम तापमान इस प्रकार रहा, गुवाहाटी में 32.4 डिग्री सेल्सियस, डिब्रूगढ़ में 31.2 डिग्री सेल्सियस, तेजपुर में 31.0 डिग्री सेल्सियस, धुबड़ी में 29.4 डिग्री सेल्सियस, जोरहाट में 29.2 डिग्री सेल्सियस और उत्तरी लखीमपुर में 30.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में आसमान में बादल छाए रहेंगे और कमोबेश बारिश होगी। रात के समय पर्वतीय एवं नदी तटीय क्षेत्रों में अपेक्षाकृत ठंडा मौसम रहेगा।