गुवाहाटी : मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने शुक्रवार को गुवाहाटी महानगर के पलटन बाजार रेलवे स्टेशन पर राज्य के सभी विकास क्षेत्रों और नगरपालिका क्षेत्रों से एकत्र किए गए 270 अमृत कलशों को लेकर गुवाहाटी से नई दिल्ली की यात्रा कर रहे युवाओं से मुलाकात की और उन्हें बधाई दी तथा ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर नई दिल्ली के लिए रवाना किया। असम के सभी ब्लॉकों और नगरपालिका क्षेत्रों से एकत्र किए गए 270 अमृत कलशों के साथ चयनित युवाओं का दल कल नई दिल्ली पहुंचेेगा। इन अमृत घड़ों को नई दिल्ली के असम हाउस में संरक्षित किया जाएगा। गौरतलब है कि मेरी मिट्टी, मेरा देश कार्यक्रम के तहत 20 सितंबर से राज्य में अमृत कलश यात्रा का शुभारंभ किया गया।

20 सितंबर से 2 अक्तूबर तक प्रत्येक गांव और प्रत्येक वार्ड के प्रत्येक घर से मिट्टी या चावल अमृत कलश में एकत्र करने के बाद गांधी जयंती के पवित्र दिन पर गांव पंचायत या नगर निगम कार्यालय में एकत्र किया गया था। 25 अक्तूबर को आंचलिक विकास अधिकारी कार्यालय में एकत्र की गई मिट्टी को पुन: संयोजित कर पीतल के दो कलशों में राज्य स्तरीय संस्था को भेजा गया। 26 अक्तूबर को ब्लॉक या नगर पालिका से एकत्र किए गए सारे अमृत कलशों को गुवाहाटी स्थित श्रीमंत शंकरदेव कलाक्षेत्र प्रांगण में संग्रह करके दो में से एक कलश लेकर  कुल 270 कलशों को दिल्ली भेजने के लिए तैयार किए गए।

मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने शुक्रवार को नई दिल्ली जाने वाली ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के बाद मीडिया से कहा कि नई दिल्ली में बनने वाले अमृत बाटिका या अमृत उद्यान स्थल पर 31 अक्तूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में राज्य की पवित्र मिट्टी को देश के अन्य हिस्सों की मिट्टी से मिलाया जाएगा। हरी झंडी दिखाने के दौरान विधायक डॉ. परमानंद राजबंशी, गुवाहाटी नगर निगम के मेयर मृगेन शरणिया, मुख्य सचिव पवन कुमार बरठाकुर, पुलिस महानिदेशक जीपी सिंह, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक हरमित सिंह, सांस्कृतिक कार्य विभाग के प्रधान सचिव बी कल्याण चक्रवर्ती, विशेष सचिव अशोक बर्मन, श्रीमंत शंकरदेव कलाक्षेत्र समाज के सचिव सुदर्शन टैगोर, उत्तर पूर्व सीमांत रेलवे के महाप्रबंधक चेतन कुमार श्रीवास्तव सहित कई शीर्ष अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।