गुवाहाटी : केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा की उपस्थिति में आज मंगलवार को गुवाहाटी स्थित श्रीमंत शंकरदेव कलाक्षेत्र में आयोजित एक कार्यक्रम में 17,500 करोड़ रुपए की निवेश वाली कुल 26 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं में से कुछ की आधारशिला रखी तथा पूरी की गई परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित किया। गडकरी ने जिन परियोजनाओं की आज आधारशिला रखी उनमें तिनसुकिया-माकुम बाईपास की 4-लेन/2-लेन परियोजना, डिगबोई बाईपास के साथ बोगापानी से गोलाई गांव तक पक्की सड़क के साथ 2-लेन का निर्माण, मार्घेरिटा-लिडो बाईपास सहित गोलाई गांव से लिडो तक पक्की सड़क और 2-लेन का निर्माण, कांदुलिजान गांव-सिमेन चापोरी सड़क को 4-लेन बनाने, सिमेन चापोरी-नागाबांग गमसुक सड़क को 4-लेन बनाने की परियोजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री ने राष्ट्रीय राजमार्ग-715 पर ब्रह्मपुत्र नद पर नए 2-लेन पुल के निर्माण सहित कलियाबर तिनाली-डोलाबाड़ी सड़क को 4-लेन बनाने, एनएच-29 पर डोकमोका-लोरिंग थेपी सड़क को 4-लेन का बनाने, एनएच-8 पर पोवामारा से बटैया, त्रिनोखाल से मुंडमाला और लोवरपुवा से चुराईबारी तक 2 लेन के निर्माण और राष्ट्रीय राजमार्ग-129 पर नुमालीगढ़-खटखटी सड़क की सुदृढ़ीकरण परियोजना को राष्ट्र को समर्पित किया गया।
असम के सड़क बुनियादी ढांचे पर ध्यान केंद्रित करने के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री गडकरी की भूमिका की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने कहा कि एक ही दिन में इतनी सारी सड़क परियोजनाओं का शुभारंभ राज्य के इतिहास में अभूतपूर्व है। मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री से गुवाहाटी में प्रस्तावित रिंग-रोड को वास्तविकता बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने की अपील की, जिस पर गडकरी ने अपने भाषण में कहा कि इसे सैद्धांतिक रूप से उनकी मंजूरी है। डॉ. शर्मा ने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री से काजीरंगा में 32 किलोमीटर लंबे ऊंचे गलियारे का निर्माण करने का भी अनुरोध किया, जिसका उद्देश्य जंगली जानवरों की मृत्यु की संख्या को कम करना है। केंद्रीय मंत्री गडकरी ने अपने भाषण में कहा कि एलिवेटेड कॉरिडोर जल्द ही वास्तविकता बन जाएगा और इसके लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने आशा व्यक्त की कि उत्तरी तट पर गोहपुर को दक्षिणी तट पर नुमालीगढ़ से जोड़ने वाली ब्रह्मपुत्र नदी के नीचे एक सुरंग के निर्माण में तेजी लाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने केंद्रीय मंत्री गडकरी से बाइहाटा चाराली से तेजपुर के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग खंड को 4-लेन बनाने की मांग पर विचार करने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री से असम माला योजना के तहत किए जा रहे कार्यों के लिए केंद्रीय निधि से 500 करोड़ रुपए आवंटित करने की भी अपील की, जिस पर गडकरी ने घोषणा की कि 600 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई है, जो कि मांगी गई राशि से 100 करोड़ रुपए अधिक है। डॉ. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिल में पूर्वोत्तर के लिए विशेष स्थान है और इसका परिणाम यह हुआ कि पिछले कुछ वर्षों में यह क्षेत्र कई मोर्चों पर प्रगति कर रहा है। कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग राज्यमंत्री जनरल (सेवानिवृत्त) वीके सिंह, असम मंत्रिमंडल के कई मंत्री, संसद सदस्य, कार्बी आंग्लांग स्वायत्त परिषद के मुख्य कार्यकारी सदस्य, डिमा हसाओ स्वायत्त परिषद के मुख्य कार्यकारी सदस्य, केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी सहित अन्य गण्यमान्य लोग उपस्थित थे।