न्यूयॉर्क : अमरीका के कैलिफोर्निया राज्य में चोरों ने एक हिंदू मंदिर में घुसकर दानपेटी चुरा ली। ‘सैक्रामेंटो बी’ अखबार की खबर के अनुसार यह घटना सोमवार देर रात पार्कवे के नजदीक हरि ओम राधा कृष्ण मंदिर में हुई। चोरों ने रात करीब दो बजकर 15 मिनट पर वारदात को अंजाम दिया। सैक्रामेंटो पुलिस विभाग हिंदू मंदिर में चोरी की जांच कर रहा है। पुलिस ने फिलहाल यह नहीं बताया है कि किन सामानों की चोरी हुई है, लेकिन संकेत मिले हैं कि एक दान पेटी की चोरी की गई है।
पुलिस ने कहा कि फिलहाल किसी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है, लेकिन जांच जारी है। इस बीच, अमरीका के एक संगठन ‘कोअलिशन ऑफ हिंदूज ऑफ नॉर्थ अमरीका’ (सीओएचएनए) ने इस घटना की निंदा करते हुए सैक्रामेंटो पुलिस से इस मुद्दे को बहुत गंभीरता से लेने और संभावित घृणा अपराध के रूप में इसकी जांच करने को कहा है। जब इसकी चेतावनी मिली उस समय गुरु महाराज और उनकी पत्नी घर पर थे।
‘सीबीएस न्यूज’ ने महाराज की पत्नी के हवाले से कहा कि मैंने सबसे पहले देखा कि पर्दे हटे हुए थे और मैंने कहा, हे भगवान। कोई मंदिर के भवन में है। मंदिर के सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि कोई तीन दरवाजे को तोड़ने और एक कार को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं।