गुवाहाटी : मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने भविष्यवाणी की थी कि कभी आमबाड़ी स्थित अगप मुख्यालय एक विवाह भवन बन जाएगा। राज्य भाजपा के अध्यक्ष भवेश कलिता का बयान तथा अगप की अनुपस्थिति में नई दिल्ली में आयोजित बैठक के कारण हाल ही में अगप के कुछ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मान लिया है कि डॉ. शर्मा की भविष्यवाणी सच होगी। एक सच्चा क्षेत्रवादी पार्टी होने का दावा करने वाली अगप क्या वास्तव में भाजपा की दया पर जीवित है? हिमंत विश्व सरकार में दो मंत्री होने के बावजूद भाजपा की नजर में अगप के लिए कितना सम्मान है यह जाहिर है। यहां उल्लेखनीय है कि दो दिन पहले नई दिल्ली में भाजपा के केंद्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा और राज्य भाजपा अध्यक्ष  भवेश कलिता की मौजूदगी में हुई मैराथन बैठक में अगप का राजनीतिक भविष्य निर्धारित किया गया।

बैठक में भाजपा ने आगामी लोकसभा चुनाव में अपने पुराने सहयोगी अगप के लिए केवल एक सीट छोडऩे का भी फैसला किया। हालांकि अगप ने गुवाहाटी, तेजपुर और बरपेटा निर्वाचन क्षेत्रों की मांग की, लेकिन भाजपा ने अगप को केवल एक निर्वाचन क्षेत्र छोडऩे का फैसला लिया। भाजपा की हालिया स्थिति को लेकर अगप में काफी गुस्सा और असंतोष है। गठबंधन बनने के बाद भाजपा की वंचना के खिलाफ अगप के जमीनी स्तर पर पहले से ही गुस्सा है। इसी सिलसिले में बृहस्पतिवार को अपना गुस्सा जाहिर करके रमेंद्र नारायण कलिता ने कहा कि हम केवल वही सीटें चाहेंगे जहां हम जीत सकते हैं। हम ऐसी सीटें लेने पर आपत्ति करेंगे जहां हम जीत नहीं सकते। हम पहले से ही 6-7 निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव की तैयारी कर रहे हैं।

लोकसभा सीटों के बंटवारे पर भाजपा नेतृत्व से कोई चर्चा नहीं हुई है। इस संदर्भ में मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा और भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व से बातचीत होगी।  प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने बिना चर्चा के हमें सीट देने की जो बात कही है, उस पर हमारी कोई चर्चा नहीं हुई है और अभी तक ऐसा कोई निर्णय नहीं लिया गया है। मुख्यमंत्री और भाजपा केंद्रीय नेतृत्व से चर्चा के बाद ही सीट बंटवारे के मुद्दे पर अंतिम मुहर लगेगी। वहीं दूसरी ओर अगप के अध्यक्ष और कृषि मंत्री अतुल बोरा ने सीट बंटवारे को लेकर कहा कि सीट बंटवारे को लेकर हमारी अभी तक कोई चर्चा नहीं हुई है। इस बार लोकसभा में हमारे सांसद होंगे। भवेश कलिता का बयान उनका अपना बयान है। हमने सभी लोकसभा क्षेत्रों में कार्यशालाएं आयोजित की हैं। हमने कार्यकर्ताओं को सर्वेक्षण करने दिया है। जल्द ही सर्वे रिपोर्ट मिल जाएगी।