गुवाहाटी : दिल्ली सरकार ने राजधानी शहर में दूसरे असम भवन के निर्माण के लिए भूमि आवंटित की है। दिल्ली विकास प्राधिकरण ने असम सरकार के अनुरोध पर द्वारका नगर में दूसरे असम भवन के निर्माण के लिए 4000 वर्ग मीटर भूमि आवंटित की है। असम भवन के निर्माण के लिए सरकार पहले ही 32 करोड़ 30 लाख 34 हजार 892 रुपए की सीलिंग मंजूर कर चुकी है। नए असम भवन का निर्माण पूरा हो जाने के बाद देश की राजधानी में असम सरकार के भवनों और अतिथि गृहों की संख्या बढ़कर 4 हो जाएगी।
गौरतलब है कि दिल्ली में चाणक्य नगर में असम भवन के अलावा बोरोलैंड गेस्ट हाउस और कार्बी भवन भी बनाया गया है। उम्मीद की गई है कि नए असम भवन के निर्माण से असम से दिल्ली जाने वाले सरकारी अधिकारियों, रोगियों और नागरिकों की कुछ समस्याएं हल हो जाएंगी। राज्य सरकार ने मरीजों और असम के लोगों की सुविधा के लिए एक महीने पहले तमिलनाडु के वेल्लोर में असम भवन का निर्माण पूरा किया।
वेल्लोर में असम भवन के निर्माण पर राज्य सरकार ने लगभग 23 करोड़ रुपए खर्च किए। दिल्ली के अलावा, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई और शिलांग में भी असम भवन हैं। हालांकि, लंबे समय से यह शिकायत है कि बाहर के राज्यों में एक के बाद एक असम भवन के निर्माण के बावजूद असम के आम लोग वहां नहीं रह पाते हैं।