गुवाहाटी : 15 दलों वाला विपक्षी एकता मंच मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के परिवार केंद्रित भ्रष्टाचार को मुख्य मुद्दा बनाकर जनता के पास जाएगा। इसके अलावा विपक्षी एकता मंच आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी, लोकतांत्रिक संस्थानों पर हमले और भारत की संवैधानिक प्रणाली और न्यायपालिका के लिए गंभीर खतरों जैसे मुद्दों पर जन जागरूकता बढ़ाने के लिए लोगों के बीच भी जाएगा। एपीसीसी अध्यक्ष भूपेन बोरा की अध्यक्षता में गुवाहाटी के एक होटल में ढाई घंटे तक चली 15 दलों के विपक्षी एकता मंच की बैठक में यह फैसला लिया गया।

बैठक के समापन के बाद विपक्षी एकता मंच के सचिव तथा असम जातीय परिषद के अध्यक्ष लुरिनज्योति गोगोई ने एक संवाददाता सम्मेलन में इसे सार्वजनिक किया। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि बैठक में 2024 के लोकसभा चुनाव के उपलक्ष्य में किए जाने वाले कार्यों पर चर्चा की गई। विपक्षी एकता मंच में शामिल 15 राजनीतिक दल संयुक्त कार्यक्रम तैयार करने की प्रक्रिया में हैं। उन्होंने कहा कि 24 के लोकसभा चुनाव में मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के परिवार का भ्रष्टाचार मुख्य मुद्दा होगा।

उन्होंने आगे कहा, भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन के खिलाफ आरोप पत्र तैयार किया जा रहा है। इसमें बड़े बांध, असम समझौते का कार्यान्वयन, असम समझौते के अनुच्छेद 6 के कार्यान्वयन पर उच्चाधिकार प्राप्त समिति की रिपोर्ट का कार्यान्वयन, 6 जातीय समूहों का आदिवासीकरण, अल्फा मुद्दे का समाधान, भारत-बांग्लादेश सीमा को सील करना, विभिन्न अंतर-राज्य सीमा मुद्दों का समाधान और जिन अन्य मुद्दों के संदर्भ में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार ने धोखा दिया है उन सबको शामिल किया जाएगा।