पूर्वांचल प्रहरी संवाददाता गुवाहाटी : सरकार यातायात समस्या को हल करने के लिए पूर्वोत्तर के वाणिज्यिक हब फैंसी बाजार को नॉर्थ गुवाहाटी में स्थानांतरित करने की योजना बना रही है। गुवाहाटी मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (जीएमडीए) ने दिसपुर को फैंसी बाजार के थोक व्यवसाय को नॉर्थ गुवाहाटी में स्थानांतरित करने का प्रस्ताव दिया है। नॉर्थ गुवाहाटी और भरलुमुख को जोड़ने वाले पुल का निर्माण पूरा होने के बाद फैंसी बाजार के थोक व्यवसाय को नॉर्थ गुवाहाटी ले जाया जाएगा। जीएमडीए का प्रस्ताव सरकार के पास विचाराधीन है। राज्य सरकार के सूत्रों ने इसकी पुष्टि की है। खासकर कई कारणों से फैंसी बाजार के थोक मार्केट को नॉर्थ गुवाहाटी में स्थानांतरित करने की योजना बनाई जा रही है। सूत्रों की मानें तो फैंसी बाजार की अधिकांश इमारतें अवैध हैं। यहां तक कि कई जमीनों के वास्तविक स्वामित्व को लेकर भी विवाद है। अवैज्ञानिक ढंग से भवनों के निर्माण के कारण आग लगने जैसी आपदाओं के दौरान प्रशासन को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ता है। दूसरा कारण ट्रैफिक जाम है।

पूरे पूर्वोत्तर का व्यावसायिक हब होने के कारण बाजार में बहुत अधिक ट्रैफिक जाम रहता है। खासकर ट्रकों द्वारा माल परिवहन करने के दौरान घनी आबादी वाले इलाके में वाहनों से माल उतारने-चढ़ाने के नाम पर सिंडिकेट चलता है। इसलिए नॉर्थ गुवाहाटी में एक लॉजिस्टिक पार्क बनाने और थोक व्यवसायों को ब्रह्मपुत्र के उत्तरी तट पर स्थानांतरित करने का प्रस्ताव है। सरकार ने पहले गुवाहाटी उच्च न्यायालय को नॉर्थ गुवाहाटी में स्थानांतरित करने का निर्णय लिया था लेकिन बार एसोसिएशन के विरोध के कारण अस्थायी रूप से निर्णय वापस ले लिया गया था। उल्लेखनीय है कि पूर्वोत्तर के प्रवेश द्वार गुवाहाटी महानगर में जनसंख्या और व्यापार में अभूतपूर्व वृद्धि देखी गई है। स्मार्ट सिटी गुवाहाटी में लोगों की बस्तियों और व्यवसायों के विस्तार के कारण यातायात व जाम की समस्या अधिक बढ़ गई है। विशेषज्ञ इसके लिए बढ़ती शहरी आबादी व बिना किसी योजना के सार्वजनिक और निजी क्षेत्रों के अवैज्ञानिक निर्माण को जिम्मेदार बताते हैं।

हालांकि, सरकार ने शहर की ट्रैफिक जाम समस्या को हल करने के लिए एक के बाद एक फ्लाईओवर बनाने के लिए हजारों करोड़ रुपए खर्च की है। हाल ही में मालीगांव नीलाचल फ्लाईओवर के उद्घाटन  के बाद जू-रोड फ्लाईओवर को भी जनता को समर्पित कर दिया गया है, वहीं नॉर्थ गुवाहाटी और भरलु को जोड़ने वाले फ्लाईओवर का निर्माण कार्य चल रहा है। इसी कड़ी में दिघलीपुखुरी से बामुनीमैदाम तक 6 किलोमीटर लंबाई में बनने वाले राज्य के सबसे लंबे फ्लाईओवर के निर्माण का कार्य शुरू हो चुका है। इसे  2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।