कांग्रेस ने क्राउड फंडिंग के जरिए देश की जनता से चंदा मांगना शुरू कर दिया है। पार्टी ने ऑनलाइन चंदा इकठ्ठा करने के लिए सोमवार को एक पोर्टल भी लांच किया। पोर्टल के जरिए पार्टी 138 रुपए, 1,380 रुपए और 13,800 रुपए या फिर इससे 10 गुना राशि चंदे के रूप में देने की अपील कर रही है। कांग्रेस आगामी लोकसभा चुनाव से कुछ महीने पहले ऑनलाइन चंदा एकत्र करने के लिए डोनेट फॉर देश नाम से अभियान शुरू कर दिया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने इस अभियान की शुरुआत की। भाजपा ने इस अभियान को लेकर विपक्षी दल पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि यह सार्वजनिक धन को हड़पने और गांधी परिवार को समृद्ध करने का एक और प्रयास है। कांग्रेस का कहना है कि पार्टी धन की तंगी से जूझ रही है और भाजपा की चुनाव मशीनरी से लडऩे के लिए पैसे की कमी का सामना कर रही है। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा अधिकांश चुनावी बांड हासिल कर रही है, क्योंकि यह योजना सत्तारूढ़ पार्टी के पक्ष में बनाई गई है। इसीलिए कांग्रेस ने चंदा एकत्र करने के अपने ऑनलाइन अभियान डोनेट फॉर देश की शुरुआत कर दी है।
कांग्रेस की माने तो यह पहल 1920-21 में महात्मा गांधी के ऐतिहासिक तिलक स्वराज कोष से प्रेरित है। इसका उद्देश्य संसाधनों के समान वितरण और अवसरों से समृद्ध भारत का निर्माण करने के लिए पार्टी को सशक्त बनाना है। कांग्रेस ने अंशदान देने के लिए आमंत्रित किया है, जो बेहतर भारत के लिए पार्टी की स्थायी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी और सोशल मीडिया के माध्यम से इस अभियान को लेकर जागरुकता बढ़ाई जा रही है। उल्लेखनीय है कि यह अभियान मुख्य रूप से पार्टी के स्थापना दिवस 28 दिसंबर तक ऑनलाइन रहेगा, जिसके बाद पार्टी जमीनी अभियान शुरू करेगी। इसके तहत पार्टी से जुड़े स्वयंसेवी घर-घर जाएंगे और प्रत्येक बूथ में कम से कम 10 घरों को लक्षित करके हर घर से कम से कम 138 रुपए का अंशदान सुनिश्चित करेंगे। इस पर भाजपा का कहना है कि जिन्होंने 60 वर्षों तक भारत को लूटा, वे अब उसी देश से चंदा मांग रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने अपने उस भ्रष्टाचार से जनता का ध्यान हटाने के लिए डोनेट फॉर देश अभियान शुरू किया है, जबकि उसके राज्यसभा सदस्य धीरज साहू के पास से भारी मात्रा में नकदी की जब्ती का मामला सामने आया है।
कांग्रेस का कहना है कि यह अभियान पार्टी के 138वें स्थापना दिवस से पहले लोगों तक पहुंचने और लोगों को पार्टी से जोडऩे के तहत शुरू किया गया है। इस अभियान की शुरुआत करने के बाद कहा गया है कि डोनेट फॉर देश अभियान के माध्यम से कांग्रेस आम जनता से मदद लेकर देश को आगे ले जाने के लिए काम करेगी। कांग्रेस को हमेशा ही आम जनता की मदद मिलती रही है। महात्मा गांधी ने भी देशवासियों की मदद लेकर देश को आजादी दिलाई थी। यह अभियान पूरे देश में एक मुहिम बन रहा है, जिसमें लोग आगे आकर देश के लिए दान कर रहे है। कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खडग़े का कहना है कि अगर सिर्फ अमीरों पर भरोसा करके काम करते जाएंगे तो आगे आपको उनके कार्यक्रम और नीतियों को मानना पड़ता है।
कांग्रेस ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि हम अपने राज्य-स्तरीय पदाधिकारियों, हमारे निर्वाचित प्रतिनिधियों, जिला कांग्रेस अध्यक्षों, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षों और एआईसीसी पदाधिकारियों को कम से कम 1,380 रुपए का योगदान करने के लिए प्रोत्साहित करते हैं। कांग्रेस ने ऑनलाइन चंदा जुटाने के लिए एक पोर्टल के साथ ही एक ऐप भी लांच किया है। पार्टी के लिए चंदा देने वाले को एक प्रमाण पत्र भी दिया जाएगा। देश की सबसे पुरानी पार्टी का मानना है कि पार्टी धन की तंगी से जूझ रही है और भाजपा की चुनाव मशीनरी से लडऩे के लिए पैसे की कमी का सामना कर रही है। हाल ही में पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को सिर्फ एक ही राज्य में जीत मिली, जबकि दो राज्य राजस्थान और छत्तीसगढ़ में पार्टी अपनी सरकार नहीं बचा पाई। अगले साल लोकसभा चुनाव होने हैं और पार्टी के सामने जनता से जुडऩे के साथ-साथ भारी भरकम चुनाव लडऩे की भी चुनौती है। कुल मिलाकर कहा जा सकता है कि कांग्रेस का यह अच्छा अभियान है, इससे उसे सिर्फ फंड ही नहीं मिलेगा, बल्कि आम लोगों से जुडऩे का मौका भी मिलेगा, जो किसी चुनाव सेहत के लिए बेहतर है।