गुवाहाटी : मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा की अध्यक्षता में गुरुवार को हुई कैबिनेट बैठक में कई अहम फैसले लिए गए। कैबिनेट ने असम लोक सेवा आयोग (एपीएससी) कीे मौखिक परीक्षा के अंक 275 से घटाकर 180 कर दिए हैं। कैबिनेट ने माघ बिहू के मौके पर बुलबुल चिड़िया की लड़ाई के आयोजन को भी मंजूरी दी। गौरतलब है कि इससे पहले कैबिनेट ने भैंसों की लड़ाई को भी मंजूरी दे दी थी। कैबिनेट ने फैसला किया कि नए लाभार्थियों को 16 से 22 जनवरी के बीच राशन कार्ड मिल जाएगा। हर विधानसभा क्षेत्र में मंत्री जाएंगे और नए राशन कार्ड बांटेंगे। जनवरी से ही राशन कार्ड का चावल मिलेगा। राशन कार्ड के साथ 5 लाख रुपए का स्वास्थ्य बीमा कार्ड भी मिल जाएगा।

कैबिनेट ने असम राज्य टाउनशिप नीति-2023 को भी मंजूरी दे दी। इस नीति के मुताबिक गुवाहाटी से सटी 300 एकड़ जमीन पर नई टाउनशिप होगी। नई टाउनशिप रानी ब्लॉक के पलाशबाड़ी में बनेगी। नई टाउनशिप के लिए पलाशबाड़ी राजस्व मंडल में 3 स्थान प्रस्तावित हैं। नई टाउनशिप के अधिकतम 60 प्रतिशत क्षेत्रफल में ही आवास बनाया जा सकेगा। 30 प्रतिशत हिस्सा सड़कों के लिए छोड़ा जाएगा और 10 प्रतिशत हिस्सा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए आरक्षित किया जाएगा।

गुवाहाटी महानगर के उजान बाजार, फैंसी बाजार, माछखोवा इलाके में सड़कों के लिए जमीन छोड़कर घर बनाना होगा। 10 लाख से अधिक आबादी वाले पुराने शहर एलएपी के अंतर्गत होंगे। कैबिनेट ने फैसला लिया कि राज्य के 13 जिलों में मूल निवासियों को जमीन का पट्टा जारी किया जाएगा। तिनसुकिया, डिब्रूगढ़, चराइदेव, दरंग, सोनितपुर, लखीमपुर, विश्वनाथ, धेमाजी, होजई, नलबाड़ी, बंगाईगांव, ग्वालपाड़ा और बजाली जिलों में कुल 1,540 लोगों को भूमि पट्टे जारी किए जाएंगे।