पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : अब से हाईस्कूल लीविंग सर्टिफिकेट परीक्षा नहीं होगी। कक्षा 8-9 की तरह ही कक्षा 10 की परीक्षाएं भी सामान्य रूप से आयोजित की जाएंगी। शिक्षा मंत्री डॉ. रनोज पेगु ने शुक्रवार को इसकी घोषणा की। गुवाहाटी के माछखोवा स्थित प्रागज्योति सांस्कृतिक परियोजना में आयोजित मुख्यमंत्री विशेष छात्रवृत्ति योजना के तहत छात्रवृत्ति निधि वितरण समारोह में भाग लेने के बाद शिक्षा मंत्री पेगु ने संवाददाताओं से कहा कि अब से 10वीं कक्षा में हाईस्कूल लीविंग सर्टिफिकेट परीक्षा नहीं होगी। शिक्षा जारी रहेगी। कक्षा 10 में भी कक्षा 8-9 की तरह ही परीक्षा होगी। पांचवीं, आठवीं और दसवीं कक्षा उत्तीर्ण करने वालों को विशेष छात्रवृत्तियां उपलब्ध होंगे। इस छात्रवृत्ति का नाम आनंदराम बरुवा के नाम पर रखा गया है।
उसके लिए परीक्षा आयोजित की जाएगी। जिन छात्रों ने बारहवीं कक्षा उत्तीर्ण कर ली है उनके लिए वाणीकांत काकती के नाम पर जारी पुरस्कार प्रक्रिया जारी रहेगी। कक्षा 10 के छात्रों के लिए आनंदराम बरुवा पुरस्कार अब कक्षा 5, 8 और 10 उत्तीर्ण करने वाले छात्रों को प्रदान किया जाएगा। आनंदराम बरुवा पुरस्कार के नए नियमों के बाद 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक पाने वाले छात्रों को लैपटॉप नहीं मिलेगा। गौरतलब है कि प्राथमिक शिक्षा निदेशालय, असम सरकार के तहत 2016 में पांचवीं और आठवीं कक्षा के छात्रों के लिए आयोजित किया गया मुख्यमंत्री विशेष छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत छात्रवृत्ति की धनराशि शुक्रवार को शिक्षा मंत्री डॉ. रनोज पेगु द्वारा पात्र विद्यार्थियों को प्रदान की गईं।