जोरहाट : असम के पुलिस महानिदेशक जीपी सिंह ने ऊपरी असम से तीन अल्फाइयों की गिरफ्तारी व बाइक जब्त होने के मामले में ट्वीट (एक्स) के जरिए अहम जानकारी दी। उन्होंने अपने पोस्ट में उल्लेख किया कि पिछले कई हफ्तों तक चले एक उत्कृृष्ट ऑपरेशन में तिनसुकिया, शिवसागर और जोरहाट में एक प्रतिबंधित संगठन द्वारा ग्रेनेड फेंकने के तीन अपराधियों का पर्दाफाश किया गया है और अपराधियों को गिरफ्तार भी किया गया है। उन्होंने उल्लेख किया कि इस घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिलें भी पुलिस द्वारा बरामद की गई है।

साथ ही ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से इन अपराधियों को उकसाने वाले लोगों की भी पहचान की गई है और वे चाहे जिस भी कोने में हों, उन्हें जल्द पकड़ लिया जाएगा। जबकि साक्ष्य उचित समय पर अदालत में प्रस्तुत किए जाएंगे। असम पुलिस हर कीमत पर राज्य के लोगों को सभी हिंसक अपराधों से बचाने के संकल्प पर दृढ़ है। ऑपरेशन से जुड़े प्रत्येक अधिकारी और कर्मियों को उन्होंने बधाई दी तथा आभार जताया। डीजीपी ने कहा कि हम असम पुलिस के झंडे को ऊंचा रखने का संकल्प लेते हैं।