पूर्वांचल प्रहरी स्टाफ रिपोर्टर गुवाहाटी : नव वर्ष पर असम गण परिषद (अगप) ने पार्टी को हर क्षेत्र में और अधिक शक्तिशाली करने का संकल्प लिया। जिसमें पहला लक्ष्य आत्म निर्भरशील असम तथा दूसरा लोकसभा और पंचायत चुनाव को लक्ष्य बनाते हुए पार्टी को मजबूती प्रदान करने के लिए बूथ स्तर पर सम्मेलन करेगी। इस आशय की बातें आज रविवार को आमबारी स्थित पार्टी मुख्यालय में अगप अध्यक्ष अतुल बोरा ने कही। श्री बोरा ने कहा कि अल्फा के वार्ता समर्थक गुट के साथ शांति समझौता होने से राज्य में मौजूदा विकास कार्य शीघ्र पूरे होंगे। राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार में मंत्री बोरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सत्ता संभालने के बाद केंद्र का असम और इस पूरे क्षेत्र के प्रति रवैया बदल गया है। उन्होंने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि 2014 से पूर्वोत्तर में विकास कार्य जारी हैं। इस क्षेत्र के साथ अब पहले जैसा सौतेला बर्ताव नहीं हो रहा है। अब शांति एवं विकास ने मुख्य जगह ले ली है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को धन्यवाद देते हुए बोरा ने कहा कि शांति समझौते से राज्य में मौजूदा विकास कार्यों की गति तेज होगी। शाह की उपस्थिति में ही अल्फा के साथ शांति समझौते पर दस्तखत किए गए। अल्फा के वार्ता समर्थक गुट ने हिंसा छोडऩे, सभी हथियार डाल देने, संगठन को भंग करने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जुड़ने पर सहमत होते हुए 29 दिसंबर को केंद्र और असम सरकार के साथ शांति समझौता किया था। अगले साल की चर्चा करते हुए अगप प्रमुख ने कहा कि उनकी पार्टी राज्य के सभी 35 जिलों में अपना जनाधार मजबूत करने की दिशा में काम करेगी। बोरा ने कहा कि लोकसभा और पंचायत चुनाव को लक्ष्य बनाते हुए हम विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेंगे। जिसमें संसदीय चुनाव को ध्यान में रखकर बूथ स्तर पर सम्मेलन कर पार्टी को मजबूती प्रदान करने की दिशा में काम करेगी। 8 जनवरी को बरपेटा,10 को करीमगंज, 23 को जोरहाट, 30 को शोणितपुर तथा 2 फरवरी को करीमगंज में बूथ सम्मेलन होगा। वहीं 11 फरवरी को गुवाहाटी में पार्टी का अधिवेशन होगा। इसके साथ ही उद्यमी मेला व प्रदर्शनी -2024 के आयोजन के साथ अन्य कई तरह के कार्यक्रम होंगे।
श्री बोरा ने कहा कि राज्य सरकार के साथ मित्रता निभाते हुए पार्टी लोकसभा का चुनाव लड़ेगी। वहीं सीटों के बारे में श्री बोरा ने कहा कि भाजपा के साथ लोकसभा सीटों को लेकर फरवरी माह में चुनावी चर्चा होगी। श्री बोरा ने कहा कि फिलहाल लोकसभा में हमारा एक भी सदस्य नहीं है लेकिन हमारा अगले साल के चुनाव के बाद लोकसभा में सदस्य भेजने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि हम राजग का हिस्सा हैं और हम भाजपा के साथ मिलकर अगला लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। हमने सभी 14 सीट पर सर्वेक्षण किया है और हमने अभी तय नहीं किया है कि हम कहां से लड़ेंगे। मौके पर पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष व मंत्री केशव महंत ने भी सभी पत्रकारों को बधाई दी। मौके पर अगप के अन्य नेता व प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।