पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू क्रमश: तुरा, शिलांग और कार्बी आंग्लांग में तीन विशेष कायक्रमों में भाग लेने के लिए 15 जनवरी को असम पहुंचेंगी। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि राष्ट्रपति मुर्मू 15 जनवरी को मेघालय के तुरा में पांचवें मेघालय गेम्स 2024 का उद्घाटन करेंगी। यह खेल 15 जनवरी से 20 जनवरी तक आयोजित किए जाएंगे और इसमें 3,000 एथलीट भाग लेंगे। इसके बाद राष्ट्रपति मुर्मू 16 जनवरी को मेघालय के शिलांग में कई कार्यक्रमों में शामिल होंगी। इस संदर्भ में मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा पहले ही यह ट्वीट कर चुके हैं।

राष्ट्रपति मुर्मू 17 जनवरी को कार्बी आंग्लांग के तारालांगसो में आयोजित कार्बी युवा महोत्सव के स्वर्ण जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। वे दोपहर करीब 12 बजे कार्बी आंगलांग पहुंचेंगी। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा और कार्बी आंग्लांग स्वायत्त परिषद के मुख्य कार्यकारी तुलीराम रंगहांग शामिल होंगे। उम्मीद है कि राष्ट्रपति मुर्मू कोइनाधरा में ब्रह्मपुत्र राज्य अतिथि गृह में दो दिन बिताएंगी और वायु सेना के विशेष हेलीकॉप्टर से तुरा, शिलांग और कार्बी आंग्लांग में कार्यक्रमों में भाग लेंगी।

एक सूत्र ने बताया कि इस संदर्भ में तैयारी की जायजा लेने के लिए शनिवार को जनता भवन में मुख्य सचिव स्तर की बैठक हुई। हालांकि, राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।