गुवाहाटी : असम में कांग्रेस सहित 15 विपक्षी पार्टियों का संयुक्त मंच राहुल गांधी की 'भारत जोड़ों न्याय यात्रा' का समर्थन करेगा, जिसकी शुरुआत 14 जनवरी से मणिपुर से होगी। असम जातीय परिषद (एजेपी)के अध्यक्ष लुरिनज्योति गोगोई ने सोमवार को यह जानकारी दी। गोगोई ने यहां जारी बयान में कहा कि यात्रा को समर्थन देने का निर्णय रविवार को मंच के नेताओं की हुई ऑनलाइन बैठक में लिया गया। इस यात्रा का समापन मुंबई में होगा। कांग्रेस 15-पार्टी असम के संयुक्त विपक्ष मंच (यूओएफए) का हिस्सा है। यूओएफए ने केंद्र स्तर पर बने 'इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस' (इंडिया) गठबंधन के अनुरूप अपनी नीति की घोषणा की है।
यूओएफए गठबंधन में एजेपी, रायजोर दल, माक्र्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, जातीय दल-असम, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी, राष्ट्रीय जनता दल, जनता दल यूनाइटेड, तृणमूल कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माक्र्सवादी-लेनिनवादी) और आम आदमी पार्टी शामिल हैं। यूओएफए के महासचिव गोगोई ने कहा कि 18 से 25 जनवरी तक प्रस्तावित यात्रा के असम में होने के दौरान गठबंधन की सभी पार्टियां सहयोग करेंगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) और एआईयूडीएफ (ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट) को हराने के लिए विपक्षी मंच ने 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' में हिस्सा लेने का फैसला किया है। गोगोई ने बताया कि यात्रा के असम चरण में विपक्षी दलों की भागीदारी को लेकर विस्तृत कार्यक्रम की रूपरेखा जल्द ही मंच की एक बैठक में लिया जाएगा। एजेपी प्रमुख ने कहा कि राज्य में यात्रा के दौरान विपक्षी दलों के प्रतिनिधि भी राहुल गांधी से मिलेंगे।