अयोध्या : अयोध्या में भगवान श्रीराम का मंदिर बने ये हर रामभक्त का सपना था और अब जब वह सपना साकार हो रहा है तो हर कोई आह्लादित है। बड़ी संख्या में लोग अयोध्या आ रहे हैं और राम मंदिर बनते हुए देख रहे हैं। 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम है। इस अवसर पर रामलला के लिए रामभक्त ऐसी-ऐसी भेंट भेज रहे हैं जो अपने आप में अद्वितीय हैं। एटा के जलेसर से एक रामभक्त ने रामलला के लिए 2400 किलो का घंटा भेंट स्वरूप भेजा है, जो कि छह फुट लंबा और पांच फुट चौड़ा है। इसका वजन 2400 किलोग्राम है। रामलला के लिए रामभक्तों ने 500 किलो का नगाड़ा भेजा है, जो कि राम मंदिर में स्थापित किया जाएगा।
इसे बजाने पर 10 किलोमीटर दूर तक आवाज जाएगी। लखनऊ में बृहस्पतिवार को जारी एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, गुजरात से विशेष रथ से 500 किलोग्राम का विशाल नगाड़ा बुधवार को अयोध्या लाया गया और इसे श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय को सौंपा गया। बयान के मुताबिक, राय ने आश्वासन दिया है कि इस नगाड़े को उचित स्थान पर स्थापित किया जाएगा। गुजरात विश्व हिन्दू परिषद के क्षेत्र मंत्री अशोक रावल ने पत्र भेजकर नगाड़ा स्वीकार करने की सिफारिश की है। नगाड़ा लेकर अयोध्या आए चिराग पटेल ने बताया कि इस पर सोने और चांदी की परत चढ़ाई गई है। ढांचे में लोहे और तांबे की प्लेट का भी इस्तेमाल किया गया है।
इसका निर्माण डबगर समाज के लोगों ने किया है। वहीं गुजरात के बड़ौदा से रामलला के लिए दुनिया की सबसे बड़ी 108 फीट लंबी अगरबत्ती लाई गई है। इसे बनाने में छह महीने का समय लगा है और करीब पांच लाख रुपए खर्च हुए हैं। इसके निर्माण में 365 तत्वों का इस्तेमाल किया गया है। इसका वजन 3610 किलो है।