ईटानगर : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कांग्रेस की प्रस्तावित 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' को 'भारत तोड़ो अन्याय यात्रा' करार दिया और देश को एकजुट करने में कांग्रेस की भूमिका पर भी बृहस्पतिवार को सवाल उठाया। नड्डा ने यहां राज्य कार्यकारिणी की बैठक के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस अपनी 'फूट डालो और राज करो' की राजनीति के लिए जानी जाती है और उसने देश को  'बांटने'  के लिए सब कुछ किया और अब अपने गलत कृत्यों को छिपाने के लिए एक यात्रा आयोजित कर रही है। राहुल गांधी के नेतृत्व में यह यात्रा 14 जनवरी को मणिपुर के इंफाल से शुरू होगी और 20 मार्च को मुंबई में समाप्त होगी। अरुणाचल प्रदेश में यात्रा का चरण 20 जनवरी को निर्धारित है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मैं आप सभी से आग्रह करता हूं कि कांग्रेस को अच्छी प्रकार से समझें। यह 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' नहीं, बल्कि 'भारत तोड़ो अन्याय यात्रा' है। कांग्रेस पार्टी ने भारत को एकजुट कब किया? ऐसा कभी नहीं हुआ। कांग्रेस ने हमेशा भारत को तोडऩे, भारत को बर्बाद करने का काम किया है। नड्डा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस केवल  'वोट बैंक'  की राजनीति में रुचि रखती है और उसने मतदाताओं और राजनीति से हटकर कभी कुछ नहीं सोचा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने देश में राजनीति की संस्कृति को बदल दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल राजनीति करती है, लेकिन हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में राष्ट्रनीति करते हैं।

हमारा नजरिया किसी को भी पीछे नहीं छोडऩा है। नड्डा ने कहा कि राज्य के लोगों को गांधी से सवाल करना चाहिए कि कांग्रेस ने देश को एकजुट करने का काम कब किया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा वोट बैंक की राजनीति के नाम पर देश को बांटने की कोशिश की। नड्डा ने सवाल किया कि जब जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में नारे लगे थे, तब कांग्रेस कहां थी? अगले दिन राहुल गांधी जेएनयू गए और छात्रों के पक्ष में खड़े हुए और कहा कि कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं होगी। क्या वे भारत को तोडऩे की कोशिश नहीं कर रहे हैं? उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने यह कहकर अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) समुदाय के सभी लोगों का अपमान किया कि सभी मोदी चोर हैं।