मुंबई: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को मुंबई और इसके उपनगर नवी मुंबई को जोड़ने वाले देश के सबसे लंबे समुद्री पुल अटल सेतु का उद्घाटन किया और कहा कि इस परियोजना का पूरा होना ही उनकी गारंटी है। महाराष्ट्र के एक दिवसीय दौरे पर आए प्रधानमंत्री ने 17,840 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित अटल बिहारी वाजपेयी सेवारी-न्हावा शेवा अटल सेतु का उद्घाटन किया। दक्षिण मुंबई को नवी मुंबई में न्हावा-शेवा से जोडऩे वाला भारत का यह सबसे लंबा पुल होने के साथ देश का सबसे लंबा समुद्री पुल भी है। छह लेन का ट्रांस-हार्बर पुल का 16.5 किलोमीटर का हिस्सा समुद्र पर है, जबकि 5.5 किलोमीटर का हिस्सा जमीन पर है। इससे दो घंटे की दूरी सफर 20 मिनट में पूरी होगी। 21.8 किलोमीटर लंबे सिक्स लेन वाले ब्रिज को मुंबई ट्रांस हार्बर सी-लिंक (एमटीएचएल) भी कहा जाता है। इस पुल की क्षमता रोजाना 70 हजार वाहनों की है। फिलहाल ब्रिज से रोज करीब 50 हजार वाहनों के गुजरने का अनुमान है।
एमटीएचएल की वेबसाइट के मुताबिक, पुल के उपयोग से हर साल एक करोड़ लीटर ईंधन की बचत होने का अनुमान है। यह रोजाना 1 करोड़ इवी से बचने वाले ईंधन के बराबर है। इसके अलावा प्रदूषण के स्तर में कमी आने से लगभग 25 हजार 680 मैट्रिक टन कार्बन डाई आक्साइड उत्सर्जन भी कम होगा। पुल को बनाने में 1.78 लाख मीट्रिक टन स्टील और 5.04 लाख मीट्रिक टन सीमेंट का उपयोग किया गया है। ब्रिज पर 400 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। पक्षियों और समुद्री जीवों की सुरक्षा के लिए ब्रिज पर साउंड बैरियर और एडवांस लाइटिंग की गई है। ब्रिज की लाइफ 100 साल होगी। पुल की आधारशिला दिसंबर 2016 में प्रधानमंत्री मोदी ने रखी थी। मोदी ने पड़ोसी रायगढ़ जिले के पनवेल में एक सार्वजनिक बैठक में कहा कि जब मैं 24 दिसंबर, 2016 को इस समुद्री पुल की आधारशिला रखने के लिए यहां आया था, जिसे कई बाधाओं का सामना करना पड़ा था, तो मैंने संकल्प लिया था कि देश में बदलाव आएगा। कोविड-19 महामारी से बाधाओं के बावजूद समुद्री पुल का काम पूरा होना बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि लोग तंग आ चुके थे, जिस तरह बड़ी परियोजनाएं रुकी हुई थीं और उन्होंने उम्मीद छोड़ दी थी कि बड़ी परियोजनाएं कभी पूरी होंगी। लेकिन यह मोदी की गारंटी है कि देश बदलेगा। मोदी ने कहा कि 2014 से पहले बड़े-बड़े घोटाले चर्चा का विषय हुआ करते थे। उन्होंने कहा कि लेकिन 10 साल बाद बड़ी परियोजनाओं के पूरा होने की बात हो रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते 10 वर्षों में सपने सच हुए हैं। समुद्री पुल विकसित भारत का प्रतिबिंब है...यह भारत की ढांचागत शक्ति और एक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ने को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि आगामी परियोजनाएं नवी मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा, मुंबई में तटीय सड़क, एयूआरआईसी (औरंगाबाद औद्योगिक शहर), मुंबई-दिल्ली औद्योगिक गलियारा और बुलेट ट्रेन आने वाले वर्षों में महाराष्ट्र की अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देंगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं जापान सरकार को धन्यवाद देता हूं और दिवंगत जापानी पीएम शिंजो आबे को याद करता हूं। हम दोनों ने मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक परियोजना को पूरा करने का संकल्प लिया था। कार्यक्रम स्थल से, मोदी ने ठाणे-वाशी/पनवेल ट्रांस-हार्बर लाइन पर नए उपनगरीय रेलवे स्टेशन दीघा गांव और मुंबई में खार रोड और गोरेगांव रेलवे स्टेशनों के बीच छठी लाइन का भी उद्घाटन किया।