पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने धमकी दी, अगर राहुल गांधी की पार्टी कानून का उल्लंघन करके गुवाहाटी से गुजरेगी तो उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सीएम डॉ. शर्मा ने गुरुवार को संवाददाताओं से कहा, अगर राहुल गांधी जबरदस्ती गुवाहाटी होकर जाना चाहते हैं तो जा सकते हैं। पुलिस उन्हें नहीं रोकेगी। पुलिस उन्हें रोककर झूठा राष्ट्रीय प्रचार नहीं करना चाहती। सीएम ने आगे कहा कि अगर वे जबर्दस्ती गुवाहाटी होकर जाना चाहते हैं तो मैं बाद में मामला दर्ज कराऊंगा। दो लोग उन्हें गुवाहाटी से यात्रा करने के लिए जोर-आजमाइश कर रहे हैं। इनमें से एक पूर्व एसपीजी इंस्पेक्टर हैं। जब वे गुवाहाटी पार करेंगे तो मैं उन्हें सिलीगुड़ी से गिरफ्तार कर लूंगा। वे हमसे कहां तक प्रतिस्पर्धा कर सकते हैं? चुनाव के दो या तीन महीने बाद भी हम उन्हें गिरफ्तार कर लेंगे।

सीएम ने यह भी कहा कि  कांग्रेस के अंदरूनी सूत्र मुझे जानकारी दे रहे हैं। मैं कांग्रेस से कह रहा हूं कि गुवाहाटी से होकर मत जाएं, जाएंगे तो लोग गालियां देंगे। गुवाहाटी में मेडिकल, नर्सिंग होम आदि प्रभावित होंगे। जेपी नड्डा का रोड शो और राहुल की न्याय यात्रा में सेब और संतरे का अंतर है। हम भाजपाई भी लोगों को असुविधा पहुंचाते हुए गुवाहाटी से यात्रा नहीं करते। राहुल गांधी की न्याय यात्रा पर टिप्पणी करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह न्याय यात्रा नहीं है, मियां यात्रा है। जहां मियां लोग होंगे, वहां जमावड़ा हो सकता है। हालांकि, मियां लोगों के इलाके में भी महिलाएं नहीं जाएंगी। राहुल गांधी कुछ भी कहें, गांधी परिवार देश का सबसे भ्रष्ट परिवार है। गौरतलब है कि राहुल गांधी शुक्रवार को असम में दाखिल हुए और मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भारत में असम के मुख्यमंत्री जैसा और कोई भ्रष्ट मुख्यमंत्री नहीं है। सीएम ने भी जवाब देते हुए राहुल गांधी पर तीखी टिप्पणी की।